बरेली। चनेहटी मालगोदाम पर 400 से ज्यादा ट्रैक्टर बगैर परमिट ओवरलोडिंग कर अवैध तरीके से ढुलाई कर रहे हैं। इन सभी ट्रैक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर ट्रांसपोर्टर्स ने गुरुवार को आरटीओ कार्यालय पर जमकर हंगामा किया। आरटीओई का घेराव करते हुए कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। करीब घंटे भर तक चले हंगामे के बाद आरटीओई ने तत्काल कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब धरना प्रदर्शन समाप्त हुआ। इसके बाद पांच ट्रैक्टरों को सीज कर कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात कही।
गुरुवार को बरेली ट्रक ओनर्स ट्रांसपोर्टर्स वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले ट्रांसपोर्टर्स श्यामगंज कार्यालय पर एकजुट हुए। वहां से नारेबाजी करते हुए आरटीओ कार्यालय पहुंचे और अफसरों की सुस्ती पर आक्रोश जताते हुए परमिट लेने के बाद भी ट्रक खाली रहने पर जमकर हंगामा किया। अध्यक्ष शोभित सक्सेना के नेतृत्व में आरटीओई जयशंकर तिवारी का घेराव किया। साथ ही करीब दो सौ से ज्यादा अवैध ढुलाई करने वाले ट्रैक्टरों की सूची आरटीओ को सौंपी। संबंधित सूची में दर्ज सभी ट्रैक्टरों पर कार्रवाई का फिर आश्वासन मिलने पर मामला बढ़ गया। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई की मांग की और कार्रवाई न होने तक धरना प्रदर्शन जारी रखने का फैसला सुनाया। इसके बाद आरटीओ टीम भेजकर मालगोदाम रोड पर अवैध ढुलाई कर रहे पांच ट्रैक्टर सीज कर दिए। आरटीओई ने जल्द ही एसडीएम के साथ चेकिंग अभियान चलाने की बात कही है। ट्रांसपोर्टर्स की सौंपी लिस्ट पर सभी ट्रैक्टर संचालकों को नोटिस भेजने, आदेश न मानने पर सख्त कार्रवाई की बात कही गई है।