- सीएमओ कार्यालय में आयोजित शिविर में बने 56 दिव्यांगता प्रमाण पत्र
बरेली। सर्दी बढ़ने के साथ ही ओपीडी में वायरल की चपेट में आने वाले मरीजों की कतार बढ़ती जा रही है। सोमवार को 14 सौ मरीजाें के नए पर्चे बने। वहीं, करीब चार सौ लोग पुराना पर्चा लेकर इलाज के लिए पहुंचे थे। इस वजह से ओपीडी में नोकझोंक की स्थिति रही।
दोपहर डेढ़ बजे काउंटर बंद होने के बाद भी मरीज पर्चा बनवाने के लिए पहुंचते रहे। वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. राहुल बाजपेयी के मुताबिक सोमवार को ओपीडी में आने वाले ज्यादातर मरीज वायरल बुखार, सर्दी, जुकाम, खांसी के रहे। जिन्हें दवा के साथ बचाव का उपाय बताया।
वहीं, अस्पताल की लैब में 310 मरीजों की विभिन्न जांचें की गईं। वहीं, सीएमओ कार्यालय परिसर में आयोजित शिविर में 56 दिव्यांगों के प्रमाणपत्र बने। कुछ दिव्यांगाें के प्रमाणपत्रों का नवीनीकरण भी किया गया। ब्यूरो
एनआरसी में बच्चों को देखेंगी डॉ. मोनिका
बरेली। जिला अस्पताल स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) से दिसंबर में अब तक आठ बच्चों के बगैर बताए घर जाने के मामले में अब एक और बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. मोनिका को जिम्मेदारी दी गई है।
साथ ही, अतिकुपोषित बच्चों को लेकर अभिभावक घर क्यों चले गए इस संबंध में स्थानीय आशा कार्यकर्ताओं से जानकारी लेने के लिए कहा गया है। सीएमएस डॉ. अलका शर्मा ने बताया कि ठंड से निजात की सारी व्यवस्था सेंटर पर है। विशेषज्ञ चिकित्सक और डायटिशियन भी हैं। महिला चिकित्सक को भी तैनात किया गया है। ताकि आगे ऐसी स्थिति न रहे। ब्यूरो