शेरगढ़। गन्ना खरीद के अंदर पर खड़ी ट्रालियां
तय समय से जारी नहीं हो रही हैं पर्चियां, किसानों का इंतजार बढ़ा
शेरगढ़। डीएसएम चीनी मिल मीरगंज से संबद्ध गन्ना क्रय केंद्र रम्पुरा पर अवस्थाओं का अंबार है। यहां गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की कतार लगी है। समय से गन्ने की तौल न होने पर किसानों को नुकसान हो रहा है।
किसानों ने बताया कि ट्रांसपोर्ट की दिक्कत है। इस कारण पर्चियां धीमी गति से काटी जा रही हैं। इससे किसानों का गन्ना पड़े-पड़े सूख रहा है। तीन दिन बाद नंबर आने पर किसानों को परेशानी हो रही है। इस समय केंद्र के बाहर गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की कतार लगी हुई है। इस वजह से किसानों का इंतजार बढ़ गया है।
गन्ना केंद्र पर ट्रॉलियों की संख्या अत्यधिक होने के कारण गन्ना प्लाॅट से बाहर सड़क किनारे तक किसान अपनी ट्राॅली खड़ी करने को मजबूर है, लेकिन गन्ना विभाग इस ओर बिल्कुल ध्यान देने को तैयार नहीं है। इसका खामियाजा क्षेत्र के गांव नगरिया कला, डूंगरपुर देहात, शेरगढ़ के मोहल्ला डूंगरपुर, रजपुरा गांव के किसानों को उठाना पड़ रहा है। किसानों ने ट्रांसपोर्ट में बढ़ोतरी एवं व्यवस्था दुरुस्त किए जाने की मांग की है।
चीनी मिल के एरिया मैनेजर चौधरी योगेंद्र सिंह ने बताया कि व्यवस्था दुरुस्त बनाने के लिए स्पेशल पर्ची काटी गई है। फिर भी बिना पर्ची के गन्ना किसान केंद्र पर ला रहे हैं, जिससे भीड़ है। दो दिन में व्यवस्था दुरुस्त हो जाएगी। उन्होंने किसानों से अपील की है कि किसान बिना पर्ची गन्ना न लाएं। संवाद