बेसिक शिक्षा विभाग की छमाही परीक्षाएं इस साल भी आधी-अधूरी तैयारियों के बीच ही 30 अक्तूबर से शुरू होंगी। विभाग के पास कॉपियों के लिए इस बार भी बजट नहीं आया है। शिक्षकाें को अपने स्तर से ही कॉपियों का इंतजाम करना होगा। प्रश्न पत्र भी स्कूलों को परीक्षा से एक घंटे पहले ही दिए जाएंगे। इन्हें लाने के लिए शिक्षकों को संकुल विद्यालय तक दौड़ लगानी होगी।
बेसिक शिक्षा अधिकारी चंदना राम इकबाल यादव की ओर से सभी खंड शिक्षा अधिकारियाें को छमाही परीक्षा कराने के लिए पत्र भेज दिया गया है। इसमें कहा गया है कि परीक्षा दो पालियों में सुबह 9.30 से 11.30 और 12.30 से 2.30 बजे तक होगी। तीन नवंबर तक होने वाली परीक्षा में प्रश्न पत्राें के पैकेट सीधे स्कूलों को नहीं दिए जाएंगे। परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले प्रश्न पत्र शिक्षकों को संकुल विद्यालय से लेने होंगे। कॉपियां का बंदोबस्त अध्यापकाें को अपने स्तर से करना होगा। प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय संगठन मंत्री हरीश बाबू शर्मा का कहना है कि अधिकारियों को ऐसा इंतजाम कराना चाहिए कि ताकि गरीब बच्चाें को अन्य स्कूलों की तुलना में अपनी परीक्षा अलग न लगे। वैसे शिक्षक तो व्यवस्था करते ही हैं और करेंगे भी।