एक तरफ नगर निकाय चुनाव का बिगुल बज चुका है, दूसरी तरफ नगर निगम की वोटर लिस्ट में इस कदर गड़बड़ियां हैं जो युद्ध स्तर पर अभियान छेड़कर दुरुस्त न कराई गईं तो मेयर और पार्षद का चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों का गणित बिगड़ना तय है। वोटर लिस्ट बनाने का काम कितनी लापरवाही से किया गया है इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शहर के कई वार्डों में मतदाताओं की संख्या उनकी कुल जनसंख्या के बराबर पहुंच गई है। हालांकि डीएम ने वोटर लिस्ट की गड़बड़ियों को सुधारने के लिए दो दिन पहले जिम्मेदार अधिकारियों को दो दिन का अल्टीमेटम दिया था, लेकिन यह समय सीमा खत्म हो चुकी है और वोटर लिस्ट की गड़बड़ियां जस की तस पड़ी हैं। बता दें कि बरेली में चुनाव तीसरे चरण में 29 नवंबर के दिन होगा।
नगर निगम सीमा क्षेत्र के 80 वार्डों में चुनाव के लिए मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण अभियान चलाया गया था। शिक्षकाें के अलावा सफाई नायकाें को बीएलओ बनाकर पुनरीक्षण अभियान की जिम्मेदारी दी गई थी, जिन्होंने इतनी लापरवाही से सर्वे किया कि प्रत्याशियाें का गणित ही गड़बड़ा गया। कई वार्डों में तो वोटरों की संख्या उनकी जनसंख्या से भी ऊपर पहुंच जाने से जिला प्रशासन के पसीने छूट रहे हैं। बीएलओ ने 575 बूथों का सर्वे करके वार्ड वाइज वोटरों की सूची जिला प्रशासन को सौंपी है। बताया जा रहा है कि हर वार्ड में आठ से नौ फीसदी का फर्क वोटर प्रतिशत में आ रहा है। पिछले चार दिनों से एसीएम द्वितीय और अपर नगर आयुक्त इस मसले पर उलझे हुए हैं। वार्डों की गड़बड़ियों को सुधारने में देर शाम तक प्रशासन की टीम जुटी हुई है।
..इस कदर गड़बड़ियां
वार्ड 29 रहपुरा चौधरी में वोटराें की संख्या उसकी जनसंख्या के बराबर पहुंच गई है। वार्ड- 12 शांति विहार में तो वोटरों का प्रतिशत जनसंख्या से 124.72 फीसदी ऊपर पहुंच गया है। चकमहमूद और गौटिया एजाज नगर के वोटर सूची में एक ही है। इसी तरह सुभाष नगर, बड़ी विहार, छोटी विहार की भी मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर गड़बड़ हुई है। कई लोगाें को दोनों वार्डों में वोटर बना दिया गया है। वार्ड नंबर 79 चकमहमूद नगर में मकान संख्या 524, 525, 528, 530, 537, 538, 539, 540, 541, 560, 566, 573, 579, 582 और 586 में जिन मतदाताओं के नाम शामिल हैं उनको ही वार्ड संख्या 75 एजाजनगर में शामिल कर लिया गया है। इसमें मतदाता और उनके पिता का नाम एक ही है। कई मृतकों के नाम भी सूची में शामिल हैं। दोनों वार्डों की सूची की भाग संख्या भिन्न है। इनका मतदान केंद्र एक ही है। इसके अलावा वार्ड 10 के करीब एक हजार वोटरों को वार्ड तीन की सूची से जोड़े जाने की शिकायत डीएम से की गई है। उन्होंने मामले की जांच शुरू करा दी है।
अफसर सोते रहे, बीएलओ ने घर बैठे कर लिए सर्वे
जिम्मेदार अफसरों की लापरवाही के चलते शहर में बीएलओ ने किस कदर लापरवाही से काम किया है, मतदाता सूचियां इसी का जीता-जागता प्रमाण बनी हुई हैं। जिस वार्ड में आठ बीएलओ की ड्यूटी लगाई गई थी, वहां से कभी पांच बीएलओ के गायब होने की शिकायत आई तो कभी दो। रामपुर बाग में 200 लोगाें के वोट कटे हैं। यहां पहले के मुकाबले दस फीसदी का बड़ा अंतर आ रहा है। रोहिलीटोला के बबलू खान ने बताया कि उनके दो वार्डों में डबलिंग वोट की शिकायत है। मौलानगर के विकास शर्मा ने बताया कि बरेली की गलत जनगणना की वजह से सभी वार्डों में वोटरों की संख्या गड़बड़ा गई है। आबादी से ज्यादा वोटर हर वार्ड में दिख रहे हैं।
मतदाता सूचियों का एक बार सत्यापन कराया गया है। अब चुनाव की अधिसूचना जारी हो चुकी है, अब जैसे ही सॉफ्टवेयर खुलेगा, बीएलओ की रिपोर्ट मिलने के बाद री-चेक कराया जाएगा। इसके बाद फर्जी वोटरों को काटकर नए वोटों को शामिल कर लिया जाएगा। - एसपी सिंह, एडीएम प्रशासन/उप निर्वाचन अधिकारी