बरेली। नगर निगम के नए भवन की गुणवत्ता की जांच शुरू हो चुकी है। अपर नगर आयुक्त की अध्यक्षता में पीडब्ल्यूडी, बिजली निगम, स्मार्ट सिटी व फायर सर्विस के अधिकारियों की संयुक्त टीम को तीन दिनों में जांच पूरी कर रिपोर्ट सौंपनी होगी।
नगर निगम के नए भवन की गुणवत्ता सवालों के घेरे में है। पूर्व महापौर डॉ. आईएस तोमर भी इस पर सवाल उठा चुके हैं। इस बीच बुधवार को मंडलायुक्त की ओर से गठित टीम बिल्डिंग की जांच करने पहुंची। उन्होंने कार्यदायी एजेंसियों के प्रोजेक्ट मैनेजर अमित टमटा समेत अन्य लोगों से पूछताछ की। कार्य को परखा। इसके बाद से नगर निगम में चर्चा है कि अगर जांच ठीक से हुई तो कई अफसर कार्रवाई की चपेट में आ जाएंगे।
इन बिंदुओं पर करनी है जांच
वीके कंस्ट्रक्शन ने वर्ष 2018 में काम शुरू किया था। अप्रैल 2023 में काम पूरा करना था। अब तक कई बार जुर्माने की कार्रवाई के बाद भी कार्य पूरा नहीं हुआ। 12.5 करोड़ का कार्य 18 करोड़ तक कैसे पहुंच गया? प्लास्टर उखड़ने, पत्थर झड़ने व दीवारों पर सीलन आने की भी जांच होगी। संवाद
नई बिल्डिंग की गुणवत्ता को लेकर जांच चल रही है। बुधवार को भी टीम ने निरीक्षण किया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही इसमें आगे की कार्रवाई की जाएगी। - संजीव कुमार मौर्य, नगर आयुक्त