बरेली। किला-कुदेशिया रोड स्थित हार्टमन ओवरब्रिज के खतरनाक गड्ढों को ठीक कराने से पीडब्ल्यूडी अफसरों ने हाथ खड़े कर दिए हैं। उनका कहना है कि इसमें कोई तकनीकी खामी है, जिसे स्थायी रूप से ठीक नहीं किया जा सकता है। ओवरब्रिज का निर्माण कराने वाले सेतु निगम के अफसर ही अपने स्तर से इस खामी को दूर कराएं। पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन ने सेतु निगम के डीपीएम से इस बारे में बात की है। उनका कहना है कि जल्द ही रिपेयरिंग का काम शुरू हो जाएगा।
सेतु निगम ने करीब सात साल पहले हार्टमन ओवरब्रिज का निर्माण कराया था, लेकिन घटिया निर्माण के चलते पुल की सीसी सड़क लगातार क्षतिग्रस्त हो रही है। कुछ गड्ढों में पुल पर बिछा सरिया का जाल तक बाहर आ गया है। इस सरिया के बाहर निकलने से बड़े हादसे का खतरा बना हुआ है। ओवरब्रिज की सीसी सड़क उधड़ने से यहां पहले भी कई बार गड्ढे हो चुके हैं, जिसकी रिपेयरिंग पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने कराई थी। करीब तीन माह पहले भी सीमेंट से पैच वर्क हुआ लेकिन ये पैच टिक नहीं सके हैं और फिर से यहां खतरनाक गड्ढे हो गए हैं। इस बार पीडब्ल्यूडी ने इस ओवरब्रिज की क्षतिग्रस्त सड़क को ठीक कराने से हाथ खड़े कर दिए हैं। पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड भवन के एक्सईएन वीएम शर्मा ने इस ओवरब्रिज की मरम्मत कराने के लिए सेतु निगम के डीपीएम विज्येंद्र कुमार से बात कर पुल की मरम्मत उनसे ही कराने को कहा है। इधर, दो विभागों के बीच मामला लटकने से ओवरब्रिज की मरम्मत का काम जल्द शुरू होने की उम्मीद भी नहीं दिख रही।
हार्टमन ओवरब्रिज में कोई न कोई तकनीकी खामी है, जिसे सेतु निगम के अधिकारी ही समझ सकते हैं। इसलिए मैंने सेतु निगम के डीपीएम से बात की है। ओवरब्रिज की मरम्मत का काम जल्द ही शुरू कराया जाएगा। - वीएम शर्मा, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड भवन