शहर की दो बेटियां प्रदेश स्तरीय राइफल चैंपियनशिप में चमक गई। सोने के लिए दोनों की आपस में टक्कर हुई। हालांकि समान अंकाें के साथ दोनाें का टाई हुआ। चिन्मई ने गोल्ड और पारखी भारद्वाज ने सिल्वर पर निशाना साधा। कांस्य पदक शामली की सोनल के नाम रहा है। दिल्ली के डॉ. करनी सिंह शूटिंग रेंज में यूपी स्टेट राइफल एसोसिएशन की 39वीं चैंपियनशिप में बरेली की बेटियाें का जलवा रहा। सेंट फ्रांसिस में आठवीं की छात्रा चिन्मई ने 10 मीटर महिला वर्ग में अच्छा प्रदर्शन किया। उसने 384 अंक प्राप्त किये। चिन्मई का मुकाबला बरेली की नेशनल शूटर और इंवर्टिस विश्वविद्यालय की छात्रा पारखी भारद्वाज से था। दोनों ने काफी टक्कर दी। पारखी ने भी 384 अंक प्राप्त किये। चिन्मई ने एक अन्य इवेंट में गोल्ड पाया था, इसलिए इसमें भी इसे गोल्ड का हकदार माना गया। पारखी के नाम सिल्वर रहा। पारखी की छोटी बहन देवयानी भारद्वाज ने भी अच्छा प्रदर्शन कर आठवें स्थान पर जगह बनाई। सभी शूटर नेशनल के लिए क्वालीफाई कर गई हैं। इन्हें यूपी के खेल मंत्री रामसिंह ने मेडल पहनाए। इस मौके पर बरेली के इंटरनेशनल शूटर और इनके कोच कमल सेन, मुकुल टंडन ने बधाई दी है।
चिन्मई बनी यूपी की नंबर वन शूटर
गोल्ड जीतने वाली चिन्मई मात्र 13 साल की उम्र में यूपी की नंबर वन महिला शूटर घोषित की गई। यह घोषणा यूपी राइफल एसोसिएशन की ओर से की गई।