प्रशासन के धान खरीद अभियान के जोरशोर से चलने के दावे की शुक्रवार को यहां आरएफसी के खरीद केंद्र पर हवा निकल गई। ट्रैक्टर ट्रालियां लेकर पहुंचे किसानों का धान नहीं खरीदा जा सका तो उन्होंने हंगामा कर दिया। नारेबाजी हुई और प्रभारी को बंधक बना दिया। शनिवार के आश्वासन के बाद भी किसान वहीं पड़ाव डालकर बैठ गए।
ब्लाक के 12 से ज्यादा गांवों में बने 14 खरीद केंद्रों में से किसी भी धान खरीद नहीं हो रही है। किसान बार-बार इसकी शिकायत कर रहे हैं मगर कोई सुनने को तैयार नहीं है। बुधवार को कस्बे के पास खरीद केंद्र पर किसान पहुंचे तो वहां न तो मजदूर थे न ही कांटा और चौकीदार। इस पर सहायक प्रभारी सत्यवीर से उनकी नोकझोंक हो गई। उन्होंने घेराव कर दिया। पुलिस भी पहुंच गई। मामला न निपटने पर किसानों ने ट्रालियां केंद्र पर ही खड़ी कर दी और सहायक प्रभारी को बंधक बना लिया। देर शाम खाद्य विपणन अधिकारी अवधेश वर्मा और भाजपा नेता डॉॅ. एमपी आर्य की मध्यस्थता में वार्ता हुई। किसानों को शनिवार से तौल शुरू करने का आश्वासन दिया गया। इस पर किसानों ने सहायक प्रभारी सत्यवीर को छोड़ तो दिया मगर धान से लदी ट्रालियां केंद्र पर ही खड़ी कर पड़ाव डाल लिया। इस मौके पर प्रधान संघ उपाध्यक्ष अजय गंगवार, नरायन लाल, हर प्रसाद, भगवान दास, रामलाल, कालीचरन, यशपाल, ललित कुमार, सोमपाल, रोहिताश, दुर्गा प्रसाद, फतेह चंद्र, हुलासराय, वेदप्रकाश, इंद्रदेव, उत्तम कुमार, अनिल कुमार, संजीव कुमार, ओमप्रकाश, पुत्तू लाल, विकास, सुरजीत आदि मौजूद रहे।