लोगों ने एसडीएम को ज्ञापन देकर नए नियम को वापस लेने की उठाई मांग
आंवला। कस्बे के सवर्ण समाज के लोगों ने यूजीसी के नए नियमाें का विरोध किया। उन्होंने प्रधानमंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन एसडीएम विदुषी सिंह को सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने यूजीसी के नए नियम को ''''काला नियम'''' बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की। लोगों का कहना था कि इस कानून का दुरुपयोग हो सकता है। इसलिए इसे जल्द वापस लिया जाना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने पुरैना मंदिर से एसडीएम कार्यालय तक बाइक रैली भी निकाली। तहसील परिसर में जमकर नारेबाजी की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कानून वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान जयगोविंद सिंह, अतुल सिंह, प्रदीप सिंह, विष्णु पाल सिंह एडवोकेट, प्रवीन सिंह उर्फ बिल्लू, पुष्पराज सिंह, संतोष आदि मौजूद रहे। संवाद
यूजीसी के नियमों से बढ़ा रोष
बहेड़ी। यूजीसी को लेकर कस्बे के एक स्कूल में ब्राह्मण समाज के लोगों की बुधवार को बैठक की। अध्यक्षता करते हुए सीता राम दुबे ने कहा कि जब तक इसके नए नियमों को वापस नहीं किया जाता। इसके खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी। आने वाली पीढ़ी के भविष्य के साथ खुला खिलवाड़ किया जा रहा है। बैठक में तय किया गया कि इसको लेकर एक ज्ञापन दिया जाएगा, जिसकी तिथि जल्द ही घोषित की जाएगी। बैठक में राजकमल सिंह,केशव दत्त, प्रमोद पांडे, अवनीश भदोरिया आदि मौजूद रहे। संवाद
सरकार समाज को बांटने का कर रही काम : डॉ. वेदप्रकाश
दुनका। बुधवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के खंड संघचालक डाॅ. वेदप्रकाश शर्मा के आवास पर सवर्ण समाज के लोगों ने बैठक कर चर्चा की।। इसमें मांग की गई यूजीसी में लाए गए नियम को सरकार वापस करे, अन्यथा सवर्ण समाज के लोग सड़कों पर उतरकर आंदोलन को मजबूर होंगे। डाॅ. वेदप्रकाश शर्मा ने बताया कि यूजीसी में नए नियम से सरकार समाज को बांटने का काम रही है। इससे देश कमजोर होगा। उन्होंने कहा कि सिटी मजिस्ट्रेट को निलंबित करने से पूर्व उनकी राय जाननी चाहिए थी, लेकिन बिना सुने हटाना निंदनीय है। इस दौरान भरत शर्मा, रामप्रकाश शर्मा, नत्थू लाल, शिशुपाल सिंह, रवि आदि मौजूद रहे। संवाद