फरीदपुर। तहसील परिसर में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम के न आने पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक देश दीपक सिंह ने जन सुनवाई की।
इस बीच पीतांबरपुर आरओबी के पास सर्विस लेन न निकाले जाने से नाराज लोगों ने तहसील परिसर में सेतु निगम के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन कर दिया। हालांकि आश्वासन मिलने पर वे शांत हो गए। इस दौरान 57 शिकायतों में से 15 शिकायतों का निस्तारण करा दिया गया।
लाइनपार मठिया के लोग संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे। उन्होंने सेतु निगम के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि पितांबरपुर रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज (आरओबी) सेतु निगम बना रहा है, लेकिन मोहल्ले वालों और क्षेत्र वालों के लिए कोई सर्विस लेन नहीं बनाई है। और न ही कोई निकलने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि ठेकेदार नियम के विपरीत कार्य कर रहा है।
कस्बे के मोहल्ला शांति नगर निवासी अजय वर्मा एक उल्लू को लेकर पहुंचे और बताया कि उसे रास्ते में कुत्ते नोच रहे थे, जिसे बचाकर ले आए। उन्होंने वन रेंजर ऋषि ठाकुर के सुपुर्द कर दिया।
दिव्यांगों को अंत्योदय कार्ड वितरित किए : बहेड़ी। संपूर्ण समाधान दिवस में 38 शिकायतें आईं, जिसमें से पांच शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। भारतीय किसान यूनियन के अनुज ठाकुर के नेतृत्व में किसानों ने पिछले सत्र का बकाया गन्ना मूल्य भुगतान 146 करोड़ रुपये की अदायगी की मांग की। नैनीताल रोड मंडनपुर स्थित तेल मिल की चिमनी से निकलने वाले धुएं से हो रहे प्रदूषण की शिकायत ग्रामीणों ने की है। एसडीएम इशिता किशोर और एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने 12 दिव्यांगजनों को अंत्योदय राशन कार्ड वितरित किए। संवाद