कुर्मांचलनगर, प्रीति विहार और सुभाषनगर में बनेंगी सड़कें और नालियां
बरेली। 15वें वित्त आयोग से मिले अनुदान से शहर के विकास के लिए 60 करोड़ रुपये के प्रस्ताव तैयार हैं। इससे नालियां और सड़कें बनेंगी। प्रस्तावों पर सोमवार को मंजूरी की मुहर लगेगी। अब तक हुए कार्यों की समीक्षा भी होगी।
महापौर उमेश गौतम ने बताया कि सुभाषनगर में मुख्य नाले के साथ 18 छोटी नालियां बनेंगी। मुख्य मार्केट से रेलवे पुलिया तक सड़क के लिए 1.40 करोड़ का एस्टीमेट है। सुभाषनगर में ही खन्ना बिल्डिंग से तपेश्वरनाथ मंदिर तक 1.5 करोड़ की लागत से सीसी रोड और नाली का प्रावधान किया गया है। वार्ड 10 में प्रीति विहार से संभव अस्पताल तक, वार्ड 26 कुर्मांचल नगर में आरसीसी नाली निर्माण एवं सीसी सड़क, वार्ड 46 में मिनी बाइपास रोड पर भसीन ट्रेडर्स से हार्टमैन काॅलेज गेट नंबर दो होते हुए रामलीला ग्राउंड के मेन गेट तक साइड पटरी, नाली निर्माण एवं डामर की सड़क प्रस्तावित है। वार्ड 54/61 धोबी चौराहा से दिव्य प्रकाश प्रेस होते हुए रेलवे लाइन तक सड़क का चौड़ीकरण होगा। वार्ड 60 शाहदाना में श्यामगंज चौराहे से साहू गोपीनाथ चौराहा व वांस मंडी रोड होते हुए फूल चौराहा तक सड़क का चौड़ीकरण व नाली मरम्मत का कार्य प्रस्तावित है। अंतिम निर्णय बैठक में लिया जाएगा। अमर उजाला ब्यूरो
15वें वित्त आयोग के तहत जो प्रस्ताव आए हैं, उन पर मंथन के बाद सोमवार को होने वाली बैठक में मुहर लगेगी। - संजीव कुमार मौर्य, नगर आयुक्त