बरेली। स्टेडियम में हैंडबॉल, बैडमिंटन और कबड्डी के खिलाड़ियों को जल्द ही प्रशिक्षकों की सौगात मिल सकती है। वर्ष 2025-26 के लिए खेल निदेशालय ने सेवायोजन पोर्टल के माध्यम से अंशकालिक प्रशिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए स्टेडियम प्रशासन ने वर्ष 2024 नवंबर में हैंडबॉल, बैडमिंटन और कबड्डी के प्रशिक्षकों की मांग की थी, लेकिन खेल निदेशालय की ओर से अप्रैल 2025 में जिन खेलों के लिए प्रशिक्षकों की तैनाती हुई, उनमें ये तीनों खेल शामिल नहीं किए गए थे।
स्टेडियम के एक कोच ने बताया कि खेल निदेशालय प्रतिवर्ष 10 माह (एक अप्रैल से 31 जनवरी) के लिए प्रदेशभर में अंशकालिक प्रशिक्षकों की नियुक्ति करता है। नियुक्ति को लेकर खेल विभाग सक्रिय है, लेकिन प्रक्रिया के पीछे एक बड़ी समस्या है कम वेतन और सुविधाओं का अभाव। खेल निदेशालय की ओर से प्रशिक्षकों को प्रति माह केवल 25 से 30 हजार रुपये का मानदेय दिया जाता है। इसके साथ ही उन्हें रहने, खाने, यात्रा या चिकित्सा जैसी कोई सुविधा नहीं दी जाती। ऐसे में बाहर से आने वाले कोचों को अपनी जेब से खर्च उठाना पड़ता है। संवाद
हमारी ओर से हैंडबॉल, बैडमिंटन और कबड्डी के प्रशिक्षकों की मांग की गई है। खाली पदों पर भर्ती के लिए शासन को पत्र भेजा जा चुका है। खेलों में प्रशिक्षकों की नियुक्ति के लिए प्रक्रिया चल रही है। - जितेंद्र यादव, आरएसओ