फरीदपुर। विद्युत निगम का सामान बेचने वाले लाइनमैन कई वर्षों से गड़बड़ी कर रहे थे। इन गड़बड़ियों के दम पर आरोपियों ने कस्बे में करोड़ों की संपत्ति अर्जित की। अधिकारियों की संदिग्ध भूमिका के चलते ये आज तक बचते चले गए। अंधरपुरा विद्युत उपकेंद्र से फतेहगंज पूर्वी में बन रहे 33 केवी के विद्युत केंद्र पर रविवार को कुछ विद्युत का सामान चोरी हो गई थी।
तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने दबिश दी, तब इस घटनाक्रम का पुलिस ने पर्दाफाश किया। पुलिस ने लाइनमैन राजीव पाठक, प्रद्युम्न पाठक को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, लाइनमैन सोनू पाठक व उसका भाई कहीं और चले गए। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों के संदिग्ध भूमिका की भी जांच शुरू कर दी है।
फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र के गांव बरगवां के मूल निवासी सोनू पाठक व उसके सगे भाई राजीव पाठक, बंटी पाठक फरीदपुर विद्युत उपकेंद्र पर संविदा कर्मचारी हैं। सोनू पाठक अपने भाइयों के परिवार सहित फरीदपुर नगर के मोहल्ला परा में रहता है। काफी वर्षों से विद्युत निगम में कार्यरत है। पुलिस के अनुसार वह अधिकारियों से मिलकर काफी दिनों से विद्युत निगम का सामान चोरी करके बिक्री करते थे। चलती हुई लाइन को निगम के अन्य कर्मचारियों की मदद से बंद कर उसके तार उतार कर चोरी करते थे।
क्षेत्र के अंधरपुरा विद्युत घर से फतेहगंज पूर्वी में बन रहे 33 केवी के विद्युत केंद्र को जोड़ने के लिए नई लाइन मुरादाबाद के मझोला क्षेत्र के भोगपुर मिढोनी अफजल हुसैन द्वारा बनाई जा रही थी। लाइन पर 90% कार्य पूर्ण हो चुका था। 25 जनवरी की रात में विद्युत लाइन लगभग 150 मीटर लंबी तार व अन्य सामान चोरी कर लिया गया। घटना की तहरीर मिलने के बाद फरीदपुर पुलिस ने रविवार की रात सोनू पाठक के घर से विद्युत निगम से संबंधित सामान का जखीरा बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी लाइनमैन राजीव पाठक व उसके भाई प्रद्युम्न पाठक को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया। वहीं, आरोपी लाइनमैन सोनू पाठक व बंटी पाठक पुलिस की पकड़ से दूर है।
कस्बे में बनवाए पांच बेशकीमती मकान
आरोपी राजीव पाठक उसके भाइयों ने विद्युत निगम में अधिकारियों से मिलकर अपना पूरा सिक्का जमा लिया। ये चोरी के अलावा बिजली निगम के उपभोक्ताओं का अधिक बिल कम कर जमा करते थे। उसमें भी यह लोग मोटी रकम उपभोक्ताओं से वसूल करते थे। आरोपी बिजली चोरी करने वाले लोगों से मिलकर मीटर में भी हेराफेरी करते थे। आरोपियों ने कस्बे में पांच मकान बनवाए। इन मकानों में आरोपियों ने विद्युत निगम की सरिया का भी इस्तेमाल किया है। संवाद
सोनू पाठक के घर छापा मारने पर चोरी के उपकरण बड़ी मात्रा में बरामद हुए हैं। राजीव पाठक और पद्युम्न को गिरफ्तार किया गया है। दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। इस मामले में संदेह है कि बिजली निगम के अन्य अधिकारियों की भी भूमिका संदिग्ध है। जांच की जा रही है।
- हरेंद्र सिंह, इंस्पेक्टर
विद्युत निगम का सामान चोरी करने वाले लाइनमैन सहित दो को पुलिस ने भेजा जेल, दो लाइनमैन फरार।