बरेली। पैतृक प्रापर्टी के बंटवारे लेकर एक ही परिवार के बेटे-बेटियां आमने-सामने आ गए। बेटियां घर से अलग किराए पर रहने लगीं और बेटे घर में ही रुके रहे। सोमवार को दोनों पक्षों में जमकर मारपीट भी हो गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर संगीन आरोप लगाते हुए बारादरी थाने में तहरीर सौंपी है। हालांकि पुलिस ने मामले को संदिग्ध बताते हुए जांच करने की बात कही है।
बारादरी क्षेत्र निवासी एक युवती ने बताया कि वह अपनी दो बहनों के साथ परिवार से अलग कैंट क्षेत्र में एक किराए के मकान में रहती है। उनके भाइयों के बीच प्रापर्टी का विवाद चल रहा है। उसके मुताबिक भाई उनकी हत्या और उनके साथ गलत काम कराने की धमकी देते हैं। आरोप है कि इसकी शिकायत मां से करने जब वह तीनों घर पहुंची तो भाइयों और एक भाभी ने उनके साथ मारपीट की। उनमें एक पर धारदार हथियार से हमला भी किया। वहीं दूसरे पक्ष से शादीशुदा भाई की पत्नी ने बहनों पर घर में घुसकर गालीगलौज करने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। उनके मुताबिक तीनों बहनें उन्हें जान से मारने की नियत से कमरे में घुसीं और उनकी गर्दन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने उन्हें बचाया।