बढ़ी हुई खिचड़ी दाढ़ी के साथ साधारण से अंदाज में बृहस्पतिवार को यहां पहुंचे बॉलीवुड स्टार मनोज वाजपेयी खानकाहे नियाजिया पर हाजिरी देकर अपनी आने वाली फिल्म ‘अलीगढ़’ की कामयाबी के लिए दुआ मांगी। उनके साथ फिल्म की प्रोडक्शन यूनिट भी थी। वह खानकाह पर करीब एक घंटे रुके। इस दौरान चादरपोशी कर सज्जादानशीन शाह मोहम्मद हसनैन उर्फ हसनी मियां की दुआएं भी लीं।
खानकाह पर हाजिरी देने के बाद अमर उजाला से संक्षिप्त बातचीत में मनोज वाजपेयी ने कहा, दिल में एक मुराद लेकर आस्ताने पर हाजिरी देने आया हूं। जश्न-ए-चिरांगा में फिर यहां आने ख्वाहिश है। सुना है यहां दी गई हाजिरी खाली नहीं जाती। शायद इसीलिए खानकाहे नियाजिया विश्व प्रसिद्ध है। विदेशों में भी इसका नाम सुना है। उन्होंने कहा कि बॉलीवुड के तमाम लोगों की यहां से अकीदत का नाता जुड़ा है। सभी की कोशिश यहां हाजिरी देने की रहती है। दाढ़ी बढ़ाने के सवाल को हंसकर टालते हुए बोले फिलहाल इसे राज रहने दीजिए। खानकाह में मनोज वाजपेयी प्रबंधक शब्बू मियां नियाजी, नायब सज्जादा हाजी शाह मेंहदी मियां के साथ सभी साहबजदगान से भी एक-एक करके मिले और उनसे फिल्म की कामयाबी के लिए दुआ करने की गुजारिश की। इस बीच मनोज वाजपेयी के यहां पहुंचने की खबर इलाके में फैली तो उन्हें देखने के लिए अच्छी-खासी भीड़ इकट्ठी हो गई।