टमाटर और बेकरी प्रोसेसिंग लाइन का टेक्निकल टीम ने पूरा किया परीक्षण
बरेली। किसानों को उद्यमी और महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए संचालित फूड प्रोसेसिंग कॉमन इंक्यूबेशन सेंटर की प्रोसेसिंग लाइन का ट्राॅयल जारी है। फरवरी के अंत तक सभी प्रोसेसिंग लाइन के परीक्षण और संबंधित खामियां दूर करने के बाद मार्च से पूरी क्षमता से संचालन शुरू करने का दावा है।
एक फरवरी को कॉमन इंक्यूबेशन सेंटर का उद्घाटन डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने वर्चुअल किया था। सेंटर में पिछले वर्ष स्थापित खाद्य प्रसंस्करण लाइनाें की सक्रियता आंकने के लिए मशीन इंस्टॉल करने वाली फर्म की टेक्निकल टीम ट्राॅयल कर रही है।
खाद्य प्रसंस्करण प्रशिक्षण संस्थान के कार्यालय अधीक्षक अंशिल सिन्हा के मुताबिक, पूर्व में स्थापित मशीनों में कहीं कोई खामी न हो इसलिए कंपनी की टीम प्रोसेसिंग लाइनों का परीक्षण कर रही है। जो खामियां मिल रही है, उसका निदान किया जा रहा है।
दो प्रोसेसिंग लाइन परीक्षण पूरा होने के बाद क्रियान्वयन के लिए तैयार हैं। दुग्ध यानी मिल्क प्रोसेसिंग लाइन का परीक्षण टीम कर रही है। दो से तीन बार ट्राॅयल के बाद संचालन के लिए सहमति दी जाएगी। टीम कार्यदायी संस्था के लोगों को भी संचालन का प्रशिक्षण भी दे रही है।
लोगों के लिए खुलेंगे दरवाजे
अंशिल के मुताबिक, तीनों लाइनों का परीक्षण पूरा होने और बतौर ट्राॅयल तैयार उत्पाद की गुणवत्ता परखने के बाद संतोषजनक स्थिति में ही सेंटर का संचालन किया जाएगा। फरवरी के अंत तक प्रक्रिया पूरी होने के बाद मार्च में किसानों और आम जन के लिए सेंटर के दरवाजे खुलेंगे। यहां वह टमाटर, दुग्ध, बेकरी उत्पाद निर्धारित दर से भुगतान के बाद तैयार करा सकेंगे। अपना ब्रांड बनाकर बाजार में बिक्री कर आय बढ़ा सकते हैं। ब्यूरो