भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) के प्रधान वैज्ञानिक शिवेंद्र दीक्षित के खिलाफ उनकी पत्नी ने बिना तलाक लिए दूसरी शादी करने के आरोप में इज्जतनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
सीतापुर के बेगम बाग निवासी विभा दीक्षित ने बताया कि आईवीआरआई के मेडिसिन विभाग में तैनात प्रधान वैज्ञानिक शिवेंद्र दीक्षित से उनकी शादी 26 साल पहले शादी हुई थी। उनके पास दो बच्चे हैं। सरकारी नौकरी में रहते हुए उनके पति ने गोपनीय तरीके से दूसरी शादी कर ली है। दूसरी महिला से उनके बच्चे हैं। जबकि बिना तलाक के इस तरह कोई भी दूसरी शादी नहीं कर सकता है। पुलिस ने विभा की तहरीर पर आईपीसी की धारा 494 के तहत बिना तलाक के दूसरी शादी करने के आरोप में प्रधान वैज्ञानिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि प्रधान वैज्ञानिक की पत्नी विभा दीक्षित भी सीतापुर में सरकारी अस्पताल में चिकित्सक हैं। उन्होंने दूसरी शादी के फोटोग्राफ भी प्रार्थना पत्र से साथ संलग्न किए हैं। उच्चाधिकारियों के आदेश पर मुकदमा लिखकर विवेचना की जा रही है। दोषी होने पर आगे की कार्रवाई होगी।