बिथरी चैनपुर। मंदिर की जमीन पर कब्जा करने के लिए पुजारी पर जानलेवा हमले की घटना सामने आई है। ग्रामीणों के आने पर हमलावर फरार हो गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मंदिर की जमीन की देखभाल विधायक के रिश्तेदार करते हैं।
रजऊ गांव में ठाकुर राधाकृष्ण मंदिर है़। मंदिर के नाम करीब 40 बीघा जमीन है़। पुलिस के मुताबिक शहर विधायक अरुण सक्सेना के भांजे विशाल सक्सेना इसकी देखभाल करते हैं। थाने में दर्ज कराई गई एफआईआर में आरोप है कि गांव का योगेंद्र कुमार शर्मा जमीन पर कब्जा करना चाहता है। इसी कारण विशाल सक्सेना ने चार माह पहले मंदिर पर गोपालपुरी नागा सन्यासी नाम के पुजारी रख दिए थे। आरोप है कि शुक्रवार दोपहर योगेंद्र कुमार शर्मा ने अपने बेटों दीना और जीत प्रकाश के साथ मिलकर पुजारी पर जानलेवा हमला कर दिया। लोहे की राड और तमंचे की बट मारकर बाबा का सिर फाड़ दिया। ग्रामीणों के आ जाने पर तमंचा लहराते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाबा को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया। इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने बताया तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर एक आरोपी जीत प्रकाश को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी की तलाश की जा रही है।