बरेली। थियेटर फेस्ट के आठवें दिन बृहस्पतिवार को विंडरमेयर में मंचित हुआ निर्माण कला मंच का नाटक ‘कहां गए मेरे उगना’ मिथिलांचल की कला और संस्कृति का प्रतिरूप है। मिथिलांचल के प्रगतिशील कविता के आधार स्तंभ बाबा नागार्जुन, प्रेमचंद की परंपरा के कथा लेखक फणीश्वर नाथ रेणु और नई कहानी के दौर के अनोखे व्यक्तित्व राजकमल चौधरी के साहित्य की भाव भूमि अलग-अलग है, लेकिन नाटक के डायरेक्टर संजय उपाध्याय जब तीनों का संवाद एक साथ दिखाते हैं तो एक नए तरह का नाट्य रूप सामने आता है। इसके माध्यम से मिथिला की पूरी संस्कृति और वहां का जीवन दर्शकों के सामने उभरता है। यह हिंदी साहित्य का कौन सा रूप है, यह कहना मुश्किल है, लेकिन अपने आप में अनोखा प्रयोग है। दर्शकों ने इसे काफी सराहा।
उगना यानी भगवान शिव, कवि विद्यापति, राजा शिव सिंह और रानी लखिमा की कहानी तीनों के साहित्य से रचे संसार से मंचित होती है। उगना और राजा शिव सिंह के अनुसंधान में विद्यापति और रानी लखिमा का 12 वर्ष का वनवास बड़े ही मार्मिक ढंग से नागार्जुन, रेणु और राजकमल चौधरी की कविताओं के माध्यम से संगीतमय ढंग से नाटक में देखने को मिलता है। इसमें रानी लखिमा का सौंदर्य और राजा शिव सिंह के स्वाभिमान का भी सुंदर ढंग से दिखाया गया। निर्माण कला मंच पटना की प्रस्तुति हिंदी साहित्य संसार से रची बसी अनोखी प्रस्तुति है।
डॉ. उषा किरण खान आलेखित और संगीत, परिकल्पना एवं निर्देशन संजय उपाध्याय निर्देशित नाटक में रजनीश रंजन, सुमन कुमार, शारदा सिंह, अविजित चक्रवर्ती, अभिषेक शर्मा, समीर कुमार, स्वरम् उपाध्याय और कुमार उदय सिंह मंच पर रहे। वहीं, संगीत में तबला और ढोलक पर राजेश रंजन, नाल संतोष कुमार सिंह, हारमोनियम पर मोहम्मद जॉनी, बांसुरी पर सुजीत गुप्ता, सारंगी पर अनिल मिश्रा और कोरस में रूबी खातून, विनीता सिंह, राजेश कुमार, मोहम्मद आसिफ, संतोष मेहरा, उत्तम कुमार, अभिषेक आनंद का रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीआईजी आशुतोष कुमार ने डायरेक्टर संजय उपाध्याय को सम्मानित किया। इस मौके पर डॉ. ब्रजेश्वर सिंह, डॉ. गरिमा सिंह, शिखा सिंह आदि तमाम लोग मौजूद रहे।