कोरोना की वजह से बार-बार टल रहा कार्यक्रम, हजारों छात्र प्रवेश पाने के लिए बेचैन
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय में सेमेस्टर कक्षाओं में दाखिला प्रवेश परीक्षा के माध्यम से कराने का फैसला हो चुका है। इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन को बीते शुक्रवार को ही परीक्षा का शेड्यूल तैयार करना था, लेकिन किसी वजह से परीक्षा का कार्यक्रम घोषित नहीं हो सका। अब इसका परीक्षा कार्यक्रम सोमवार को जारी करने की तैयारी है, ताकि इन परीक्षाओं को हर हाल में 30 अगस्त तक समाप्त किया जा सके।
कोरोना की वजह से विश्वविद्यालय प्रशासन अब तक एमएससी, बीएलएल, बीपीएड, एलएलएम, एमएड, एमफिल, एमएससी आदि कक्षाओं में दाखिला के लिए प्रवेश परीक्षा नहीं करा सका है। पहले कोरोना की वजह से तय नहीं हो पा रहा था कि इन कक्षाओं में दाखिला के लिए प्रवेश परीक्षा होगी या फिर सीधे मेरिट जारी की जानी है। हालांकि कई अन्य परीक्षाएं होने के बाद विश्वविद्यालय ने सेमेस्टर परीक्षाओं के लिए भी प्रवेश परीक्षा कराने का निर्णय ले लिया है। इन परीक्षाओं में तकरीबन सोलह हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों के रजिस्ट्रेशन हैं। इस मामले को लेकर कुलसचिव प्रोफेसर सुुनीता पांडेय की पिछले शुक्रवार को परीक्षा नियंत्रक संजीव सिंह के साथ बैठक हुई थी। इसके बाद विश्वविद्यालय के दोनों अधिकारियों ने सोमवार को सेमेस्टर कक्षाओं में प्रवेश के लिए परीक्षा कार्यक्रम घोषित करने की बात कही थी। उधर, विश्वविद्यालय में प्रवेश के लिए परीक्षाएं न होने से हजारों छात्रों की बेचैनी बढ़ रही है।
सेमेस्टर कक्षाओं में प्रवेश के लिए परीक्षाएं कराने की तैयारी चल रही है। सोमवार को शेड्यूल जारी हो सकता है। विश्वविद्यालय जल्द ही इन परीक्षाओं को कराने के लिए तेजी दिखा रहा है। -प्रो. एसके पांडेय, प्रवेश समन्वयक, रुहेलखंड विश्वविद्यालय