बरेली। बरेली-बांदीकुई पैसेंजर को खातीपुर, जयपुर तक विस्तार देने की कवायद शुरू हो गई है। उत्तर पश्चिमी रेलवे ने इस संबंध में रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेजा है। खातीपुर, जयपुर तक विस्तार के दौरान इस गाड़ी को स्पीड अप भी करने का प्रस्ताव है।
कोरोना काल के दौरान 54356-55 बरेली-बांदीकुई पैसेंजर का संचालन बंद कर दिया गया था। लोगों की मांग पर पांच साल के बाद 30 जनवरी से इस गाड़ी का फिर से संचालन शुरू किया गया था। अनारक्षित श्रेणी की यह पैसेंजर गाड़ी बरेली-बांदीकुई के बीच 55 स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए 418 किलोमीटर दूरी तय करती है। छोटे स्टेशनों के लोगों को भी रोजाना चलने वाली लंबी दूरी की इस ट्रेन का लाभ मिलता है।
बरेली से जयपुर के लिए प्रतिदिन कोई ट्रेन नहीं है। ऐसे में बरेली-बांदीकुई पैसेंजर को स्पीड अप करते हुए खातीपुर, जयपुर तक विस्तार देने की रेलवे ने कवायद तेज कर दी है। उम्मीद है कि नए वित्तीय वर्ष में इस गाड़ी के विस्तार पर स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।