घूसघोरी के आरोपी फरीदपुर तहसील के चकबंदी लेखपाल अजय तेवतिया के निलंबन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। रिपोर्ट शासन को भेजी जा चुकी है। शनिवार व रविवार को अवकाश के कारण सोमवार को निलंबन का आदेश आने की संभावना है।
बुधवार को एंटी करप्शन टीम ने चकबंदी लेखपाल अजय तेवतिया को घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। फरीदपुर के फैजनगर मल्हपुर निवासी कवीरूल हसन के पिता के नाम से एक दाखिल खारिज की फाइल चकबंदी अधिकारी फरीदपुर की कोर्ट में लंबित थी। मल्हपुर का हल्का चकबंदी लेखपाल अजय तेवतिया कवीरूल से दाखिल खारिज के लिए 60 हजार रुपये रिश्वत मांग रहा था। कवीरूल ने ही इसकी शिकायत एंटी करप्शन से की, जिसके बाद अजय को पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया।
बुधवार शाम को एंटी करप्शन टीम कवीरूल के साथ लेखपाल के बक्सरिया मोहल्ला स्थित कमरे पर पहुंची। जैसे ही अजय ने पहली किस्त में 15 हजार रुपये की रिश्वत ली, टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। कोतवाली में अजय तेवतिया के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके बृहस्पतिवार को कोर्ट में पेश किया गया, वहां से उसे जेल भेजा गया। एडीएम एलए देश दीपक ने बताया कि 48 घंटे जेल में रहने के बाद आरोपी के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई करने का नियम है। कोर्ट में पेश करने के बाद अजय को बृहस्पतिवार दोपहर जेल भेजा गया। शनिवार और रविवार को अवकाश होने के कारण सोमवार को निलंबन के आदेश प्राप्त होने की उम्मीद है।