एक बर्थ पर बैठेंगे तीन यात्री, चार घंटे पहले पहुंचना होगा जंक्शन
बरेली। रेलवे ने 15 अप्रैल से ट्रेनें चलाने की तैयारी शुरू कर दी है। कौन सी ट्रेन चलाई जाएगी, इस पर स्थानीय अफसर मंथन कर रहे हैं। अब जंक्शन से चलने वाली ट्रेनों को सैनिटाइज कराना शुरू किया जाएगा। एक-दो दिन पहले रेलवे बोर्ड से यात्री ट्रेनों के दिशा निर्देश भी आ जाएंगे। वहीं बुकिंग आफिस और अनारक्षित टिकट बिक्री वाले स्थानों पर भी गोले बना दिए गए हैं।
बरेली जंक्शन से बरेली प्रयाग एक्सप्रेस, बरेली-नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस, बरेली-भुज आला हजरत एक्सप्रेस, बरेली-इंदौर महाकाल एक्सप्रेस, बरेली-दादर लोकमान्य टर्मिनस एक्सप्रेस, बरेली-बांदीकुई आगरा कैंट पैसेंजर, बरेली-चंदौसी, बरेली-अलीगढ़ और इज्जतनगर नगर मंडल की ट्रेनें चलती हैं। सूत्रों का कहना है कि इनमें अधिक आमदनी वाली ट्रेनों को चलाने की तैयारी है। फिलहाल कौन सी ट्रेनें चलाई जाएंगी, इस पर स्थानीय अधिकारी मंथन कर रहे हैं। अब सभी ट्रेनों का सैनिटाइजेशन शुरू होगा। इस संबंध में ऑपरेटिंग अनुभाग को रेलवे बोर्ड से दिशा निर्देश भी आ गए हैं।
रेलवे बोर्ड की मानें तो ट्रेन से सफर करने के लिए यात्रियों को थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही चढ़ने दिया जाएगा। एक बर्थ पर केवल तीन ही लोग बैठ सकेंगे। पीछे से आ रही है तो उसमें यात्रियों की संख्या देखकर जंक्शन से यात्रियों को बैठने दिया जाएगा। इसके अलावा किसी भी ट्रेन में मिडिल बर्थ बुक नहीं होगी, न ही एसी कोच ही लगेंगे। वहीं इज्जतनगर मंडल की 19 एक्सप्रेस और 86 पैसेंजर ट्रेनों को जल्द सैनिटाइज करने का काम शुरू होगा।
जंक्शन पर मेन गेट से ही होगी एंट्री
जंक्शन पर यात्री मेन गेट और सेकेंड एंट्री से ही एंट्री कर सकेंगे। प्लेटफार्म पर आने वाले जीआरपी, वेटिंग हाल, पार्सल आफिस आदि रास्तों को बंद किया जाएगा। सबसे ज्यादा ध्यान सामाजिद दूरी का रखा जाएगा, जिससे कोरोना वायरस का संक्रमण न फैल सके। सभी यात्रियों को मास्क लगाकर ही प्लेटफार्म पर आना होगा। जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक सत्यवीर सिंह ने बताया कि सभी तैयारियां 13 अप्रैल तक पूरी कर ली जाएंगी। निर्देश आते ही ट्रेनों का संचालन शुरू होगा।