मेडिकल कॉलेजों में बने आइसोलेशन वार्ड का एसडीएम ने किया निरीक्षण
बरेली। कोरोना संक्रमित मरीजों के इलाज के लिए चिह्नित किए गए निजी अस्पतालों को जिला प्रशासन ने एक बार फिर साफ तौर पर आगाह किया है कि महामारी के दौर में वे अपनी जिम्मेदारियों से पीछे नहीं हट सकते। उन्होंने आनाकानी की तो प्रशासन के पास उन्हें अधिग्रहीत करने का विकल्प सुरक्षित है। उधर, बृहस्पतिवार को एसडीएम सदर ने दो मेडिकल कॉलेज में बनाए गए आइसोलेशन और क्वारंटीन वार्डो का निरीक्षण करने के साथ दूसरी व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया और दोनों अस्पतालों के प्रबंधन को जरूरी दिशा-निर्देश भी जारी किए।
जिला प्रशासन ने जिला अस्पताल के अलावा दो मेडिकल कॉलेजों में आइसोलेशन वार्ड बनाए हैं। बृहस्पतिवार को एसडीएम सदर ईशान प्रताप सिंह ने इन दोनों निजी मेडिकल कॉलेज में पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने आइसोलेशन और क्वारंटीन वार्डों में ताजी हवा के लिए कोई इंतजाम न किए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने दोनों अस्पतालों के प्रबंधन को निर्देश दिया कि वे एंबुलेंस चालकों को विशेष प्रशिक्षण दें लगातार अपने यहां बने वार्डों की व्यवस्थाओं को खुद भी चेक करें। एसडीएम ने बताया कि जरूरत पड़ने पर और अस्पतालों को भी कोरोना के इलाज के लिए चिह्नित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि महामारी के इस दौर में निजी अस्पतालों की जिम्मेदारी है कि आगे बढ़कर इस लड़ाई में सहयोग करें। एसडीएम ने बताया कि सभी निजी अस्पतालों को आगाह कर दिया गया है कि अगर वे अपनी जिम्मेदारी से पीछे हटेंगे तो प्रशासन के पास उन्हें अधिग्रहीत करने का विकल्प खुला हुआ है।