अधिकारी बोले ट्रिपिंग से मिलेगी निजात, फॉल्ट आने पर दूसरे उपकेंद्र से होगी आपूर्ति सुचारू
बरेली। सुभाषनगर व किला उपकेंद्रों को जोड़ने की तैयारियां पूरी हो गई हैं। विद्युत निगम दिवाली से पहले इसकी टेस्टिंग करेगा, अधिकारियों का कहना है कि इससे ट्रिपिंग की समस्या से तो निजात मिलेगी इसके अलावा बड़ा फॉल्ट होने पर एक उपकेंद्र को दूसरे उपकेंद्र से बिजली आपूर्ति दी जा सकेगी। इससे उपभोक्ताओं को काफी आसानी होगी।
बिजली आपूर्ति इन दिनों सबसे बड़ी समस्या बनी हुई है। हरूनगला, सुभाषनगर और किला में कटौती की समस्या सबसे अधिक है। हालांकि हरूनगला उपकेंद्र का आधा भार जल्द ही पवन विहार उपकेंद्र पर स्थानांतरित कर दिया जाएगा। दोनों उपकेंद्रों को एक दूसरे से जोड़ा भी दिया है। अब सुभाषनगर व किला उपकेंद्र को दूसरे उपकेंद्रों से जोड़ने की तैयारियां भी पूरी हो गई है। विद्युत निगम के अधिकारियों ने बताया कि सुभाषनगर को 220 केवी बदायूं रोड से जोड़ने के लिए अंडरग्राउंड लाइन डालने का काम पूरा हो चुका है। वहीं किला को लोहिया विहार और सीबीगंज से अंडरग्राउंड केबल से जोड़ने का काम भी आखिरी चरम पर है।
फॉल्ट होने की स्थिति में सुभाषनगर और बदायूं रोड उपकेंद्र को एक दूसरे उपकेंद्र से आपूर्ति सुचारू की जा सकेगी। इसी तरह किला, लोहिया विहार और सीबीगंज की समस्या भी दूर हो जाएगी। मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने बताया कि दिवाली से पहले टेस्टिंग कर लाइन को चालू करने के निर्देश जारी किए हैं। बीते दो सप्ताह से सुभाषनगर का काम चल रहा था जो पूरा हो चुका है और बुधवार को इसकी टेस्टिंग की योजना है। सुभाषनगर की अंडरग्राउंड लाइन की बृहस्पतिवार को टेस्टिंग हो जाएगी। सुभाषनगर उपकेंद्र को बदायूं रोड के 220 से जोड़ दिया गया है। इसके अलावा किला उपकेंद्र को सीबीगंज व लोहिया विहार से जोड़ने की कवायद भी पूरी हो गई है। संवाद