बृहस्पतिवार से भरतौल में शुरू हो रही सेना की भर्ती के लिए पुलिस के आला अफसरों ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं। पीलीभीत और बदायूं से भी फोर्स मंगाई गई है। 24 घंटे एक सीओ भर्ती में आने वाले युवाओं पर नजर रखेंगे। दलालों पर नजर रखने के लिए खुफिया विभाग के अधिकारी सादे कपड़ों में तैनात रहेंगे। एसपी सिटी राजीव मल्होत्रा ने बताया कि उन्होंने सीओ चतुर्थ, इंस्पेक्टर कैंट, कोतवाली को बुलाकर एलर्ट रहने को कहा है। सभी को ड्यूटी भी समझा दी गई है। किसी भी तरह का फर्जीवाड़ा पकड़ में आते ही आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। 60 सिपाहियों के अलावा सीओ सुबह आठ से शाम चार और रात आठ से सुबह आठ दो शिफ्टों में ड्यूटी करेंगे।
इस तरह बांटी गई जिम्मेदारी
सीओ स्नेहलता, क्षेत्राधिकारी चतुर्थ: सेना भर्ती रैली में पुलिस व्यवस्था की प्रभारी बनाई गई हैं। यह प्रभारी निरीक्षक कैंट से पुलिस व्यवस्था सही कराकर कानून व्यवस्था और शांति बनाए रखेंगी। सीओ दो शिफ्टों में ड्यूटी करेंगे।
दो कंपनी पीएसी भी रहेगी तैनात
सेना भर्ती के लिए पीलीभीत और बदायूं से 32 सिपाही और 13 दरोगा बुलाए गए हैं। इसके अलावा दो कंपनी पीएसी भी तैनात रहेगी। चार घुड़सवार पुलिस के जवान भी तैनात किए गए हैं। टियर गैस स्क्वायड भी लगाया गया है।
पीने के पानी की व्यवस्था
भर्ती में आने वाले युवाओं के लिए पानी की व्यवस्था नगर निगम को करना है। यह व्यवस्था अपर जिला मजिस्ट्रेट के माध्यम से कराई जा रही है।
सीओ अपने क्षेत्रों में रखेंगे निगरानी
सीओ सिटी प्रथम, द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ चारों को सेना भर्ती के दौरान अपने-अपने क्षेत्र में भी निगरानी रखनी है। रोडवेज बस अड्डों पर भी सुरक्षा का इंतजाम किया जाएगा।
एलआईयू को भी एलर्ट किया: एलआईयू को भी सेना भर्ती के दौरान भीड़-भाड़ वाले इलाके में सूचनाएं संकलन करने के निर्देश दिए गए हैं। जैसे ही महत्वपूर्ण सूचना मिले आला अधिकारियों को बताया जाए।
वीडियो कैमरों से सेना भर्ती रैली की पूरी रिकार्डिंग की जाएगी। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चीता मोबाइल की भी ड्यूटी लगाई गई है। यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए पुलिस अधीक्षक को बता दिया गया है।