तंबाकू मुक्त समाज की नींव पहले स्कूलाें से रखने के लिए छह अधिकारियाें की निगरानी टीम बना दी गई। एडीएम सिटी ने बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से एक माह पहले ऐसे स्कूलों की सूची मांगी जिनके बाहर तंबाकू या नशीले पदार्थ बिकते हैं। अधिकारियों अब तक को शहर में ऐसा कोई स्कूल ही नजर नहीं आ रहा है। लगातार बैठकों के बाद भी अभी तक स्कूलों की सूची बनाकर नहीं भेजी गई है। शहर में तमाम स्कूलों के बाहर दुकानें सजी हुई हैं। नोडल अधिकारी डॉ. डीपी सिंह ने कोई रिमाइंडर भी इन्हें नहीं भेजा।
- स्कूलाें से मिल रही शिकायत
स्कूलों से भी लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि बाहर लगी दुकानाें पर किसी का कोई बस नहीं है। बरेली कालेज के बाहर कई बार दुकानें हटवाई जा चुकी हैं, लेकिन वे फिर लग जाती हैं। अभियान में तकनीकी सहायक संस्था वालंटरी हेल्थ एसोसिएशन के सुरजीत बताते हैं कि शहर में हर स्कूल इससे प्रभावित है। इसको लेकर शिकायतें भी मिल रही हैं। लेकिन अभी तक यहां कोई अभियान शुरू नहीं हुआ।
विश्व तंबाकू दिवस 31 मई को मनाया जाना है। शहर में अभी तक अभियान शुरू नहीं हुआ है। तंबाकू नियंत्रण सेल के साथ जुड़ी संस्था वालंटरी हेल्थ एसोसिएशन के मुताबिक विशेष दिवस पर ऐसे स्कूलों को तंबाकू फ्री करने का लक्ष्य तय किया गया है। लेकिन अभी तक कोई काम ही नहीं हुआ है।
- ये हैं टीम में शामिल
एडिशनल सिटी मजिस्ट्रेट, मुख्य खाद्य अधिकारी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, डीआईओएस, बीएसए व स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी
कार्रवाई छोड़ा, सूचना भी नहीं दे रहे विभाग
23 मार्च को तंबाकू नियंत्रण की बैठक में एडीएम सिटी ने उन विभागों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए जिन्होंने अभी तक तंबाकू नियंत्रण के लिए कार्रवाई की रिपोर्ट नहीं भेजी थी। दरअसल शिक्षा विभाग समेत कई विभागाें के जिम्मेदार अफसर भी इस अभियान में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। 19 जनवरी को हुई बैठक में भी यह बात उठी थी कि विभाग सूचना क्यों नहीं दे रहे। दो बार स्कूलों की सूची भी मांगी गई जो नहीं मिली। तंबाकू के खिलाफ अभियान का यह हाल है कि अब तक 115 लोगाें पर ही कार्रवाई हुई और सिर्फ 17 हजार 570 रुपये का जुर्माना वसूला गया है।
मार्च में कार्रवाई का हाल
विभाग कार्रवाई शुल्क वसूला
स्वास्थ्य 14 1165
खाद्य 06 1000
पुलिस 00 00
बीएसए 07 930
परिवहन 00 00
डीआईओएस 00 00
नगर निगम 03 500
परिवहन निगम 00 00
वर्जन--
तंबाकू नियंत्रण को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अभी तक स्कूलों की सूची नहीं सौंपी गई है। स्कूलाें को भी तंबाकू से मुक्त करना है। अभियान चलाया जाएगा। -आलोक कुमार, एडीएम सिटी