इस्कान मंदिर द्वारा कोरोना संक्रमित परिवारों के उनके घरों पर जाकर निशुल्क भोजन पहुंचाया जा रहा है।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
बरेली। कोरोना संक्रमितों को भर पेट भोजन के लिए इस्कॉन मंदिर कमेटी ने पहल शुरू की है। कमेटी की ओर से ऐसे लोगों के लिए प्रसाद के रूप में डिब्बे में भोजन दिया जा रहा है। शुरुआती दौर में 15 लोगों तक डिब्बे पहुंच रहे थे लेकिन अब इसकी संख्या 100 हो गई है।
शहर के इस्कॉन मंदिर कमेटी के प्रबंधक भीम अर्जुन दास ने बताया कि कोरोना प्रभावित लोगों को पौष्टिक भोजन मिले, इसके लिए 29 अप्रैल से उन्होंने घर और अस्पताल में जरूरत मंद को प्रसाद पहुंचाना शुरू किया। जिसमें दाल अथवा कढ़ी, चावल, रोटी और एक पीस मिठाई का होता है। प्रसाद डिब्बे में रखकर मंदिर के ब्रह्मचारी पहुंचा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सभी ब्रह्मचारी सुबह तीन बजे उठकर अपनी साधना के बाद स्वयं प्रसाद बनाते हैं। ठाकुर जी का भोग लगाने के बाद उसे डिब्बे में पैक कर कोरोना प्रभावित लोगों तक पहुंचाते हैं। उन्होंने बताया कि मंदिर में प्रसाद पूर्ण शुद्धता के साथ देशी घी में बन रहा है, ताकि लोग जल्द स्वस्थ हों। उन्होंने बताया कि इस प्रसाद के पीछे लोगों तक श्री राधावृंदावन चंद्र भगवान की कृपा पहुंचाना है।
खानकाह वामिकिया की ओर से बांटा गया राशन और ईद का सामान
बरेली। लॉकडाउन में परेशान हाल लोगों के लिए खानकाह वामिकिया निशातिया की ओर से राशन और ईद का सामान बांटा गया। पीरे तरीकत सैयद मोहम्मद मियां वाल्मीकि जिलानी और सज्जादा नशीन सैयद असलम मियां वाणी की निगरानी में जरूरतमंद लोगों को यह सामग्री बांटी जा रही है। कुछ लोग खाने का सामान जरूरत के मुताबिक आकर ले जा रहे हैं तो कुछ लोगों के घरों पर भी सामान पहुंचाया जा रहा है। संवाद