बरेली। बड़ा मंगल पर शहर के कई मंदिरों के बाहर व अन्य स्थानों पर धार्मिक व सामाजिक संगठनों की ओर से शरबत व प्रसाद का वितरण किया गया। कहीं-कहीं भोजन की व्यवस्था भी की गई। महानगर ज्वैलर्स एंड बुलियन एसोसिएशन के सदस्यों की तरफ से सराफा बाजार में शरबत का वितरण किया गया। इसमें संदीप अग्रवाल, अमित अग्रवाल, गणेश राव सावंत, राजकुमार मेहरोत्रा, मुकेश कुमार, रवि कुमार गोपाल, कृष्ण अग्रवाल आदि का सहयोग रहा।
राजेंद्रनगर स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर में प्रबंध कमेटी की ओर से शरबत वितरण किया गया। स्टेशन रोड, सिविल लाइंस, प्रेमनगर, इज्जतनगर, स्टेडियम रोड, राजेंद्रनगर, डीडीपुरम, पीलीभीत बाइपास आदि इलाकों में भी जगह-जगह भंडारा, शरबत व शीतल जल का वितरण किया गया। यह सिलसिला शाम तक चलता रहा। गांधी उद्यान के सामने शरबत का वितरण किया गया। यहां रोटी बैंक के सदस्यों ने संस्थापक डॉ. प्रमेंद्र माहेश्वरी के साथ चिलचिलाती धूप में राहगीरों के लिए शरबत सेवा की। श्री सनातन धर्म मंदिर मॉडल टाउन में ज्येष्ठ के प्रथम मंगलवार को संगीतमय सुंदरकांड के पाठ का आयोजन किया गया। इससे पूर्व सुबह हनुमान जी की महाआरती की गई। इसमें मंदिर कमेटी के सदस्यों व क्षेत्र के भक्तों ने भाग लिया। संवाद