नाले में गिरकर हुई मासूम की मौत के मामले में एफआईआर निरस्त करने की मांग
भोजीपुरा। अखिल भारतीय प्रधान संघ के बैनर तले प्रधानों ने मंगलवार को ब्लॉक परिसर में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू किया है। उन्होंने नाले में डूबकर हुई मासूम की मौत के मामले में प्रधान के पति और सहयोगी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को निरस्त करने की मांग की है। सपा के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कंचन यादव ने प्रधान संघ का समर्थन किया।
गांव मोहम्मदपुर ठाकुरान निवासी जितेंद्र का डेढ़ वर्षीय बेटा प्रयाग 22 जनवरी को घर के बाहर खेल रहा था। इस दौरान नाले में डूबने से उसकी मौत हो गई। प्रयाग की मां कलावती ने प्रधान के पति राम किशोर गंगवार और रोजगार सेवक जसवंत के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। एसडीएम सदर प्रमोेद कुमार ने दूसरे दिन घटनास्थल का निरीक्षण करके बीडीओ भोजीपुरा को जांच कमेटी गठित करके जांच के निर्देश दिए थे।
वहीं, अखिल भारतीय प्रधान संघ ने प्रधान के पति का समर्थन करते हुए रिपोर्ट निरस्त करने की मांग की है। इसके लिए संघ ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। धरने को संबोधित करते हुए प्रधान संघ के ब्ल़ॉक अध्यक्ष कुलवंत सिंह ने कहा, जल निकासी के लिए नाला बनवाना नीतिगत है। मासूम की मौत के मामले में प्रधान या उनके काम देख रहे व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर गलत है। साथ ही मांग पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। संवाद
-