बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध स्नातक और परास्नातक पाठ्यक्रमों की प्रायोगिक एवं मौखिक परीक्षाएं 25 जून तक कराई जाएंगी। इस विस्तार का उद्देश्य उन सभी महाविद्यालयों को पर्याप्त समय देना है जो अभी तक इन परीक्षाओं को पूरा नहीं कर पाए हैं।
जिन पाठ्यक्रमों के लिए यह तिथि निर्धारित की गई है। इसमें स्नातक स्तर पर बीए, बीएससी, बीकॉम, बीएससी गृहविज्ञान, कंप्यूटर साइंस, बायोटेक्नोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी, ऑनर्स, बीकॉम ऑनर्स-कंप्यूटर शामिल हैं। इसी प्रकार, परास्नातक स्तर पर एमए, एमएससी, एमकॉम, एमएससी गृहविज्ञान के साथ-साथ बीएड, बीपीएड, एमएड, बीएलएड और डिप्लोमा जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रम में भी विस्तार किया गया है। परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार के अनुसार सभी संबंधित महाविद्यालयों को 25 जून तक समस्त प्रायोगिक एवं आंतरिक परीक्षाओं को हर हाल में संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि इसके बाद किसी भी स्थिति में अंक स्वीकार नहीं किए जाएंगे।इसके अतिरिक्त, विश्वविद्यालय ने यह भी चेतावनी दी है कि जो महाविद्यालय इस निर्धारित अवधि के भीतर अंक अपलोड नहीं करेंगे, उनके परीक्षाफल घोषित करने पर विचार नहीं किया जाएगा। संवाद