बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के तहत होने वाली प्रायोगिक और मौखिक परीक्षाओं के लिए परीक्षकों के आवंटन में एक बड़ा बदलाव किया है। यह प्रक्रिया अब पूरी तरह से स्वचालित होगी, इसमें मानवीय हस्तक्षेप शून्य रहेगा।
विश्वविद्यालय ने इस संबंध में सभी संबद्ध महाविद्यालयों और उनके शिक्षकों को सूचित कर दिया है। कॉलेजों या परीक्षकों को होने वाली किसी भी असुविधा के लिए विश्वविद्यालय ने एक ईमेल आईडी practical.helpmjpru.ac.in और एक व्हाट्सएप नंबर 8979806606 जारी किया है। महाविद्यालय या व्यक्तिगत परीक्षक इन माध्यमों से अपनी असुविधाओं को लिखित रूप में भेज सकते हैं।
परीक्षा नियंत्रक ने स्पष्ट किया है कि ऐसे महाविद्यालयों की विशेष सूची तैयार की जा रही है, जो आवंटित शिक्षकों से संपर्क नहीं करते हैं। शिक्षकों की भी सूची बनाई जा रही है, जो विश्वविद्यालय के दिए गए प्रायोगिक परीक्षा संबंधी कार्य को नहीं करते हैं। परीक्षा संबंधी आवश्यक कार्यों में सहयोग न करने पर नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जा सकती है। संवाद