कृष्णानगर फेज टू में पूरी रात गुल रही बिजली
पवन विहार के कृष्णानगर फेज टू में रात 10 बजे केबिल जलने के कारण पूरी रात करीब 200 घरों में बिजली गुल रही। विद्युत निगम के अधिकारियों को फोन करने पर कहा जाता रहा कि अभी केबिल बदली जा रही है और लाइट आ जाएगी। बिजली न आने से पूरी रात लोग परेशान रहे। वहीं दुर्गानगर उपकेंद्र के सैनिक कॉलोनी में रात करीब नौ बजे केबिल जलने के कारण आपूर्ति ठप हो गई।
जिसको ठीक करने के बाद बिजली रात में करीब 12:45 बजे आई फिर लो वोल्टेज की समस्या से लोग जूझते रहे। इससे पूरी रात लोग भीषण गर्मी से जूझते रहे। इसके अलावा सीबीगंज क्षेत्र में लो वोल्टेज व ट्रिपिंग की समस्या से लोग जूझते रहे। इससे क्षेत्र के करीब 10 हजार घर प्रभावित रहे। केबल बंच में आग भी लगी जिसको ठीक किया गया। इसके बावजूद ट्रिपिंग की समस्या का समाधान नहीं हो सका।
विद्युत वितरण खंड शहरी के अधीक्षण अभियंता धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि शहर में जिन जगहों पर बिजली आपूर्ति की समस्या है, उसको प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराया जा रहा है। वहीं पवन विहार के कृष्णा नगर फेज टू में केबल बदली जा रही है। किला के शास्त्रीनगर में एसडीओ अपनी टीम के साथ फॉल्ट को सही करा रहे हैं। जिसको जल्द ठीक करा लिया जाएगा।