बरेली व आसपास के इलाके में सोमवार की रात बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। फरीदपुर उपकेंद्र के रजऊ परसपुर गांव में छह दिनों से आपूर्ति प्रभावित हैं। हर दिन कोई लोकल फॉल्ट कारण बन रहा है। शिकायत के बाद भी सुधार नहीं हो रहा है।
पहले दिन विद्युत उपकेंद्र में ट्रांसफार्मर फुंकने से समस्या रही। फिर पता चला कि तेल सूख जाने के कारण ट्रांसफार्मर चालू नहीं हो पा रहा है। ट्रांसफार्मर चालू हुआ तो कभी तार टूटने तो कभी फेस उड़ने की समस्या बनी हुई है। लो वोल्टेज की समस्या भी परेशान कर रही है। मंगलवार को भी गांव के कुछ हिस्सों में फेस उड़ने की समस्या से लोग जूझते रहे। क्षेत्र के पीथमपुर, सुंदरपुर मांगनापुर, गोपालपुर नगरिया में भूमिगत केबल में फॉल्ट की वजह से दिक्कत रही।
वहीं शहरी क्षेत्रों में कुतुबखाना, हरुनगला, मिशन कंपाउंड, डीडीपुरम, परसाखेड़ा, जगतपुर, शाहदाना, सीबीगंज, दुर्गानगर, सुभाषनगर और किला उपकेंद्रों से जुड़े क्षेत्रों में एक साथ कई शिकायतें दर्ज की गईं। कहीं पोल से सप्लाई ठप रही तो कहीं एक फेज गायब रहा। कई इलाकों में लो और हाई वोल्टेज की समस्या भी रही। उपभोक्ताओं के अनुसार, बार-बार शिकायत करने के बावजूद समाधान नहीं हुआ।
वर्जन
ग्रामीण क्षेत्रों में जिन जगहों पर फॉल्ट के कारण समस्या थी, उसको ठीक करा दिया गया है। जहां समस्या बरकरार है, उसे भी ठीक कराया जा रहा है। - ज्ञानेंद्र सिंह, अधीक्षण अभियंता, ग्रामीण