फतेहगंज पूर्वी। फतेहगंज के विद्युत उपकेंद्र पर अंधरपुरा फीडर से आने वाली हाईटेंशन लाइन में बुधवार की देर रात पौने दो बजे बिना फॉल्ट बिजली गुल हो गई। बृहस्पतिवार सुबह से विद्युत निगम के अधिकारी कर्मचारियों के साथ फॉल्ट तलाशते रहे, लेकिन फॉल्ट नहीं मिल पाया।
हाईटेंशन लाइन को अलग-अलग जगह से खोलकर चेक किया गया, फिर भी कोई फॉल्ट नहीं मिल पाया। बृहस्पतिवार दोपहर कोहरा हटने के बाद पौने तीन बजे हल्की धूप निकली, तब आपूर्ति सुचारू हो पाई। 13 घंटे तक बिजली नहीं आने से कस्बे से लेकर देहात के गांवों की आपूर्ति ठप होने के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। घरों में लगे इंवर्टर भी डाउन हो गए। घरों में लगे पानी के टैंक भी खाली हो गए। ब्लोअर-हीटर के बंद रहने से लोग अलाव जलाकर हाथ सेंकते दिखाई दिए। अवर अभियंता राम सिंह ने बताया कि कोहरे के कारण फॉल्ट नहीं मिल रहा था। हाईटेंशन लाइन भीगने के कारण कोई पेड़ की टहनी रख गई होगी, जो कि धूप निकलते ही हट गई। आपूर्ति सुचारू हो गई। संवाद
एचटी लाइन में ब्रेकडाउन, नौ घंटे ठप रही आपूर्ति
सिरौली। आंवला से सिरौली क्षेत्र को बिजली आपूर्ति करने के लिए आ रही एचटी लाइन ब्रेकडाउन हो गई, जिससे नौ घंटे लगातार सिरौली समेत आसपास जुड़े गांवों की आपूर्ति ठप रही। इससे लोगों को दिक्कतों से जूझना पड़ा।
लोगों ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह पांच बजे एचटी लाइन में फॉल्ट हो गया। बिजली के अभाव में मकर संक्रांति के त्योहार पर स्नान के लिए पानी की जबरदस्त किल्लत से लोगों को जूझना पड़ा। तमाम लोगों ने दूर-दूर जाकर सार्वजनिक नलों से पानी लाकर अपना काम चलाया।
एक सप्ताह में तीसरी बार बड़ी लाइन में ब्रेकडाउन में आ चुकी है। एसडीओ विशाल वर्मा ने बताया कि एचटी लाइन के ब्रेकडाउन होनेे से आपूर्ति बाधित हुई, जिसे दोपहर दो बजे चालू कर दिया गया। संवाद