रविवार रात को आंधी के बाद कई मोहल्लों की बिजली गुल
रविवार रात को आई आंधी के चलते कई इलाकों की बिजली काट दी गई। इस दौरान शाहदाना, हरूनगला, सुभाषनगर, जगतपुर, इज्जतनगर आदि इलाकों में समस्या रही। आंधी रुकने के बाद आपूर्ति बहाल की गई तो लोकल फाल्ट मुसीबत बन गए। सुभाषनगर में तारों में फाल्ट हो गया। रामगंगा नगर में ट्रांसफार्मर में खराबी आने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
मॉडल टाउन, सुभाषनगर, कुंवरपुर तलैया में भी लोकल फाल्ट हुए। रविवार को सिटी सब्जी मंडी, फालतूनगंज, कालीबाड़ी, सुरेश शर्मा नगर, संसार एन्क्लेव, सनराइज एन्क्लेव, धोपा मंदिर, आशुतोष सिटी, संजय नगर, वनखंडी नाथ मंदिर, गली नवाबान, बड़ी बमनपुरी, बिहारीपुर कहरवान, किला उपकेंद्र के जामा मस्जिद सहित अन्य इलाकों में भी संकट रहा।
ओवरलोडिंग दूर करने के निर्देश
भीषण गर्मी में बिजली आपूर्ति व्यवस्था चरमराने के बाद रविवार को बिजली निगम के मुख्य अभियंता दीपक चौधरी ने कई उपकेंद्रों का निरीक्षण किया। हरूनगला उपकेंद्र में रखे हुए ट्रांसफार्मर को भंडार केंद्र भेजने और पावर ट्रांसफार्मर को सही करने के निर्देश दिए। ओवरलोड ट्रांसफार्मर संख्या एक का भार ट्रांसफार्मर संख्या दो पर डालने के लिए कहा।
सुभाष नगर उपकेंद्र पर 100 केवीए व 25 केवीए ट्रांसफार्मर फ्यूज सेट लगाने के निर्देश दिए। बदायूं रोड पर नवनिर्मित 220 केवी उपकेंद्र का निरीक्षण करने के दौरान 33 केवी सुभाषनगर लाइन को जल्द बनाने और सराय तल्फी के लिए जाने वाली 33 केवी लाइन को शीघ्र चालू करने के लिए कहा। अवध धाम कॉलोनी में वोल्टेज की समस्या का निदान करने सहित अन्य आवश्यक निर्देश दिए।