बरेली। शहर में रामलीलाओं का मंचन पांच अक्तूबर से शुरू होगा, लेकिन रामलीला स्थलों तक जाने वाली सड़कें बदहाल हैं। बारिश के कारण ये सड़कें छलनी हो गई हैं। उन पर गहरे गड्ढे बन गए हैं। इससे आवागमन करने वाले लोगों को दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। रामलीला कमेटियों की ओर से नगर आयुक्त को ज्ञापन भी दिया जा चुका है। इसके बावजूद सड़कों की मरम्मत नहीं कराई गई। रामलीला स्थलों की ओर जाने वाले रास्तों की पड़ताल की गई तो नगर निगम के दावों और हकीकत के बीच का अंतर साफ नजर आया। कमेटी के लोगों ने रामलीला स्थलों के आसपास सफाई कराने की मांग भी की है। संवाद
बानखाना रोड पर जगह-जगह हुए गड्ढे
महारानी लक्ष्मीबाई रामलीला समिति की ओर से चौधरी तालाब पर इस बार 459वीं रामलीला का मंचन किया जाएगा। यह रामलीला देशभर में अपनी विशेष पहचान रखती है। इस रामलीला के दौरान दो शोभायात्राएं निकाली जाती हैं। इनमें से पहली 11 और दूसरी 21 अक्तूबर को निकाली जाएगी। कमेटी के अध्यक्ष पंडित रामगोपाल मिश्रा ने बताया कि चौधरी मोहल्ला व रानी साहब के फाटक के पास सड़क टूटी पड़ी है। वहां जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं। कमेटी की तरफ से नगर निगम को प्रार्थनापत्र दिया गया है। हालांकि, अब तक सड़क को ठीक नहीं कराया गया है, जबकि पांच अक्तूबर से ही रामलीला का शुभारंभ होना है।
बरेली क्लब रोड पर हुए गहरे गड्ढे
बरेली क्लब रोड की स्थिति भी काफी खराब है। इस पर गहरे गड्ढे हो गए हैं और सड़क कई जगह से उखड़ चुकी है। इसी मार्ग से होकर श्रद्धालु रामलीला देखने पहुंचते हैं। अंधेरे में ये गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिसके कारण कई बार लोग वाहन समेत गिरकर हादसों का शिकार हो चुके हैं। रामलीला नाटक समाज के अध्यक्ष सतीश मेहता ने बताया कि सड़क टूटी होने के कारण राहगीरों और दर्शकों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। प्रशासन को इस सड़क को दुरुस्त कराना चाहिए, ताकि रामलीला में आने वाले श्रद्धालुओं को दिक्कत न हो।
वर्जन
बारिश के बाद सड़कों के गड्ढे भरवाने का काम चल रहा है। रामलीला स्थलों के रूट को ठीक कराया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। - राजीव कुमार राठी, एक्सईएन, नगर निगम