बिशारतगंज। कांवड़ लेकर जलाभिषेक के लिए रम्पुरा-अलीगंज मार्ग से होकर गुलड़िया गौरी शंकर मंदिर जाने वाले भक्तों को गड्ढे दर्द देंगे। गड्ढे भरवाने के नाम पर पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने यहां पत्थर के साथ मिट्टी डालकर खानापूरी की थी। बारिश में मिट्टी बहने से अब गड्ढे फिर पुराने हाल में आ गए हैं।
कछला से जल लेकर बड़ी संख्या में शिवभक्त रम्पुरा-अलीगंज मार्ग से होकर गुलड़िया गौरीशंकर के प्राचीन शिव मंदिर तक जाते हैं। इनमें महिलाओं के साथ बच्चे व बुजुर्ग भी शामिल होते हैं। कांवड़िए नंगे पांव ही चलते हैं। इसको लेकर शासन की ओर से सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद भी रम्पुरा-अलीगंज मार्ग बदहाल है।
परावहाउद्दीनपुर गांव के प्रधान वीरेंद्र कुमार शाक्य, इसी गांव के आशाराम, भानु प्रकाश, वेद प्रकाश, रामनाथ, अमर सिंह, कमल शर्मा, अशोक पाठक, हरिकांत गिरि आदि ने बताया कि गांव कुंडरिया इकलासपुर से बिशारतगंज रेलवे क्रॉसिंग तक गहरे गड्ढे हैं।
परावहाउद्दीनपुर गांव पर पुल के समीप सड़क कट जाने से हादसे का खतरा बना हुआ है। पिछले दिनों पीडब्ल्यूडी की ओर से गड्ढों में गिट्टी डलवाकर ऊपर से मिट्टी डाल दी गई थी। बरसात के बाद मिट्टी बह जाने से गड्ढे यथास्थिति स्थिति में आ गए हैं। इस वजह से कांवड़ियों को परेशानी होगी। उन्होंने जल्द ही सड़क की मरम्मत कराने की मांग की।
इस संदर्भ में जब पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता कुलदीप शाक्य से बात की गई तो उन्होंने बताया कि सावन माह के पहले सोमवार से पूर्व गड्ढों को दुरुस्त करा दिया जाएगा। पुल के पास मिट्टी भरे बोरे लगवाकर हादसे रोकने के इंतजाम किए जा रहे हैं।