बरेली। जल प्लावन नियंत्रण एवं स्टार्म वाटर ड्रेनेज योजना के तहत त्रिशूल चौराहे से तुलाशेरपुर तक 2.3 किलोमीटर लंबा आरसीसी नाला बनेगा। नाले पर 30.16 करोड़ रुपये खर्च होंगे। जल निगम ने इसकी डीपीआर को अंतिम रूप दिया है।
त्रिशूल चौराहे से तुलाशेरपुर में नकटिया नदी तक जाने वाले इस नाले के लिए मांग तो कई साल से हो रही थी, लेकिन छह महीने से जल निगम इसके लिए लगा हुआ था। जल निगम की कंस्ट्रक्शन और डिजाइन सर्विसेज ने सोमवार को डीपीआर को अंतिम रूप दिया। इसके आधार पर ही अब आगे काम होगा। जल निगम के परियोजना प्रबंधक रघुवंश राम ने बताया कि डीपीआर को अंतिम रूप दिया गया है। शासन की तकनीकी समिति परीक्षण करेगी। इसमें हरी झंडी मिलते ही काम टेंडर होंगे और काम धरातल पर उतरेगा। ब्यूरो