रवींद्रनाथ टैगोर क्रिकेट एकेडमी की ओर से आयोजित रवींद्रनाथ टैगोर अंडर -16 क्रिकेट लीग में प्रति
बरेली। रवींद्रनाथ टैगोर क्रिकेट अकादमी की ओर से अकादमी में आयोजित रवींद्रनाथ टैगोर अंडर-16 क्रिकेट लीग का सेामवार को आगाज हुआ। एसआरएमएस क्रिकेट अकादमी और चौधरी क्रिकेट अकादमी के बीच पहला मुकाबला खेला गया। एसआरएमएस ने चौधरी क्रिकेट अकादमी को पांच विकेट से पराजित कर जीत अपने नाम की। विजय गंगवार ने 37 रनों की नाबाद पारी खेलकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चौधरी क्रिकेट अकादमी निर्धारित 30 ओवरों में 111 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से इन्जमाम ने एक छक्के की मदद से 26 रन बनाए। अभिनव ने 22 और विमल ने 29 रनों का योगदान दिया। एसआरएमएस के गेंदबाज अंशुमन कश्यप ने पांच विकेट चटकाए। उनके साथी गेंदबाज लाखन ने तीन विकेट झटके।
एसआरएमएस क्रिकेट अकादमी ने 25.3 ओवरों में पांच विकेट लेकर 112 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। चौधरी क्रिकेट अकादमी की ओर से इन्जमाम और अभिनव ने दो-दो विकेट लिए। अंशुमन कश्यप को मैन ऑफ द मैच चुना और विजय गंगवार को मैच चेंजर घोषित किया।
इससे पहले टूर्नामेंट का उद्घाटन बरेली क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव सीताराम सक्सेना ने किया। आयोजन सचिव मनीष सिंह ने बताया कि मंगलवार को पहला मैच शर्मा क्रिकेट अकादमी जयपुर और एसआरएमएस क्रिकेट अकादमी के बीच खेला जाएगा। दूसरा मुकाबला दोपहर एक बजे से जीपी क्रिकेट अकादमी और चौधरी क्रिकेट अकादमी के मध्य रहेगा।