अलीगंज। आंवला तहसील के गांव नौगवां ब्रह्मनान के मजरा गौटिया में स्थित तालाब की सफाई करा रहे ग्राम प्रधान व सचिव की जेसीबी को गांव के ही एक युवक ने अवैध रूप से रुकवा दी। इस कारण तालाब की साफ-सफाई का काम रुक गया। इसका खामियाजा ग्रामीणों को जलभराव की समस्या से भुगतान पड़ रहा है। वहीं, ग्राम प्रधान नीता कुमारी व ग्रामीणों ने जबरन काम रुकवाने की शिकायत अलीगंज थाने में की है।
ग्रामीणों के मुताबिक, पुलिस ने उनसे मझगवां बीडीओ व सचिव को मौके पर बुलाकर तालाब की सफाई कराने को कहा है। मझगवां बीडीओ सुनील कुमार वर्मा का कहना है कि मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। अगर ऐसा है तो एडीओ पंचायत से जांच कराई जाएगी। वहीं, सचिव विजय मिश्रा ने बताया कि किसी के रोकने से तालाब की साफ-सफाई नहीं रुकेगी। निधि की किस्त आते ही सफाई का काम दोबारा शुरू करा दिया जाएगा। ग्राम प्रधान के पति महेश कुमार का कहना है कि यह तालाब लगभग साढ़े 12 बीघा में था, जिसपर कुछ ग्रामीणों ने अवैध रूप से अपने मकान बना लिए हैं। इस कारण गांव में जलभराव की समस्या अक्सर बनी रहती है। एक युवक ने इस कार्य को रुकवा दिया है, जिसके खिलाफ उच्चाधिकारी से शिकायत की गई है। संवाद