बरेली। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जन्म दिन पर भाजपा ने सदस्यता अभियान की शुरुआत कर दी। प्रदेश उपाध्यक्ष और विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने पहले दिन पार्टी की सदस्यता लेने वाले कार्यकर्ताओं का फूल मालाओं से स्वागत किया। पार्टी का सदस्यता अभियान तीन चरणों में चलाया जाएगा। 12 से 31 अगस्त तक सक्रिय सदस्य बनाने का अभियान चलेगा।
सिविल लाइंस स्थित पार्टी कार्यालय पर सदस्यता अभियान का प्रारंभ करते हुए प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष और विधायक पुरुषोत्तम ने कहा कि अबकी बार कार्यकर्ताओं को सभी बूथों पर सदस्यता अभियान चलाना है। भारतीय जनता युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं को ज्यादा से ज्यादा सदस्य बनाने हैं। उन्होंने बताया कि सदस्यता अभियान तीन चरणों में चलेगा। पहला-बूथ स्तर पर। दूसरा-कैंप लगाकर और तीसरा- व्यक्तिगत रूप से। कार्यकर्ताओं को बताया गया कि ए कैटेगरी में बूथों पर कार्यकर्ता, बी कैटेगरी में बूथों पर भाजपा पदाधिकारी और मंडल पदाधिकारी, सी कैटेगरी में बूथों पर सांसद, विधायक और मंत्री सदस्यता अभियान चलाएंगे। केंद्रीय श्रम और रोजगार मंत्री संतोष गंगवार ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर भाजपा आज नंबर एक पार्टी बन चुकी है। भाजपा का सदस्य बनने के लिए 8980808080 टोल फ्री नंबर भी जारी किया गया। बैठक में सांसद धर्मेंद्र कश्यप, विधायक केसर सिंह, प्रो. श्याम तबहारी लाल, पूर्व मेयर सुभाष पटेल, महाराज सिंह, गुलशन आनंद, डॉ. केएम अरोड़ा, आदेश प्रताप सिंह, उमेश कठेरिया, संजीव अग्रवाल, मनोज यादव आदि शामिल थे।