बरेली। लोकतंत्र के पर्व में जनता का प्रतिनिधित्व करने की कतार में खड़े दूसरे चरण के पंचायत चुनाव के चार वार्डों के 79 प्रत्याशियों में 40 फीसदी सिर्फ कहने भर को पढ़े-लिखे हैं। यह महज साक्षर ही हैं। शैक्षिक योग्यता के विकल्प में 33 प्रत्याशियों ने खुद को प्राइमरी तक पढ़ा दर्शाया है। पांच प्रत्याशी ही स्नातकोत्तर हैं और स्नातक सिर्फ 14 ही हैं। बाकी प्रत्याशी आठवीं से इंटर तक ही पढ़े हैं।
फतेहगंज पश्चिमी ब्लाक के इन चारों वार्डों में वार्ड 26 के 19 प्रत्याशियों में से सात प्राइमरी तक पढ़े हैं। इनमें अजय कुमार, मोहम्मद आजम खान, काले खां, किरन गंगवार, चंद्रप्रकाश, कुंवर प्रकाश सिंह, मोहम्मद यासीन, वाजिद अली ने खुद को प्राइमरी कक्षा तक पढ़ा लिखा दर्शाया है। इस वार्ड में अकेले वीरेंद्र कुमार ही स्नातक हैं तो तीन स्नातकों में आशीष कुमार, राजेश कुमार ओर वर्तिका गंगवार हैं। बाकी में कोई हाईस्कूल तक तो कोई इंटर तक ही पढ़ालिखा है। वार्ड 27 में 27 प्रत्याशी हैं। इनमें से करीब आधे 13 प्रत्याशी प्राइमरी तक ही पढ़े लिखे हैं। गंगा सहाय, छोटेलाल, राधा सोमवंशी, रामलली, शमीम बेगम, शान मोहम्मद, सर्वेश गुप्ता, सूरजपाल, सृष्टि, हाकिम सिंह ने खुद को प्राइमरी तक पढ़ा लिखा दर्शाया है। इस वार्ड स्नातकोत्तर सिर्फ एक ही हैं- उपेंद्र सिंह। स्नातक सिर्फ चार हैं। इनमें आकाश, मनोहरदेवी, शेर सिंह और वेदपाल सिंह हैं। वार्ड 28 के 15 प्रत्याशियों में एक भी स्नातकोत्तर नहीं हैं। सिर्फ चार प्रत्याशी भद्रसेन गंगवार, मोहम्मद इश्हाक, इशरत, अच्छन अंसारी ही स्नातक हैं। प्राइमरी तक चार प्रत्याशी पढ़े हैं और एक प्रत्याशी हाईस्कूल तक पढ़ा लिखा है। वार्ड 29 के 18 प्रत्याशियों में सर्वाधिक सात प्राइमरी तक ही पढ़े हैं। हालांकि यहां दो महिला प्रत्याशी स्नातकोत्तर डिग्री धारक हैं। इनमें ओमवती देवी और संगीता हैं। शिशुपाल सिंह भी स्नातकोत्तर हैं और तीन स्नातकों में सरस्वती देवी, मिर्जा सैफ उल्ला बेग, अंकुर हैं।