फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जहां हाथ डाला वहीं निकला गड़बड़ घोटाला

विज्ञापन
गाय को गुड़ खिलाते प्रमुख सचिव। - फोटो : अमर उजाला, बरेली
विज्ञापन
रिठौरा में सहकारी समिति के सचिव को चेतावनी, हाफिजगंज में पॉवर कॉरपोरेशन के जेई को प्रतिकूल प्रविष्टि, मेथी नवदिया के कोटेदार पर एफआईआर
विज्ञापन

पिछली बार की तरह बड़ी कार्रवाई के बगैर निपटा पहला दिन तो अफसरों ने ली राहत की सांस
बरेली। दो महीने बाद दोबारा जिले के नोडल अफसर के तौर पर यहां पहुंचे प्रमुख सचिव नवनीत सहगल के पहले दिन का दौरा वैसे तो संक्षिप्त ही रहा लेकिन इतने में ही उन्होंने जहां-जहां हाथ डाला, वहीं कोई न कोई गड़बड़-घोटाला सामने आ गया। दोपहर करीब दो बजे से शाम के सात बजे तक प्रमुख सचिव के दौरे पर पीलीभीत रोड पर निकलने और वापस लौटने तक अफसरों के चेहरों पर तनाव झलकता रहा। हालांकि कोटेदार के खिलाफ एफआईआर और पॉवर कॉरपोरेशन के एक जेई को प्रतिकूल प्रविष्टि देने की सीमित कार्रवाई के साथ पहले दिन का दौरा खत्म हुआ तो अफसर राहत में आ गए।
प्रमुख सचिव नवनीत सहगल करीब तीन घंटे की देरी से बृहस्पतिवार को बरेली पहुंचे। सुबह वह लखनऊ से पाटलीपुत्र चंडीगढ़ एक्सप्रेस से बरेली के लिए चले थे लेकिन रास्ते में कई जगह मेगा ब्लॉक होने से ट्रेन लगातार लेट होती रही। इस ट्रेन को सुबह 9:45 बजे बरेली पहुंचना था लेकिन दोपहर 12:30 बजे यह ट्रेन पितांबरपुर स्टेशन पर पहुंचकर खड़ी हो गई। ट्रेन के लगातार लेट होने से आजिज सहगल वहीं उतर गए और इसके बाद एसडीएम फरीदपुर विशु राजा के साथ कार से बरेली पहुंचे। यहां कुछ देर सर्किट हाउस में रुकने के बाद डीएम नितीश कुमार, सीडीओ सत्येंद्र कुमार समेत तमाम अफसरों के साथ उनका काफिला पीलीभीत रोड पर रवाना हो गया।
विज्ञापन

सेटेलाइट फ्लाईओवर : पूछा- काम लेट क्यों
काफिले के साथ सर्किट हाउस से निकले प्रमुख सचिव नवनीत सहगल ने सेटेलाइट चौराहे पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर देखा। उन्होंने सेतु निगम के अधिकारियों से पूछा कि यहां काम इतना लेट क्यों चल रहा है? सर्विस रोड भी खराब है। उन्होंने अधिकारियों को सुझाव दिया कि फ्लाईओवर के दोनों तरफ की छत एक साथ डाली जाए। निर्माण कार्य में जो भी अड़ंगे हैं, उन्हें सेतु निगम के अफसरों को इसमें तेजी दिखाने के निर्देश दिए। गौरतलब है कि नवंबर में पिछले दौरे में सहगल ने आईवीआरआई ओवरब्रिज की टूटी सर्विस रोड पर सेतु निगम के अधिकारियों को फटकारा था। वहां सर्विस रोड ठीक कर दी गई लेकिन बाकी जगहों पर पुलों के पास सर्विस रोड काफी जर्जर है।
रिठौरा सहकारी समिति : स्टॉक में गोलमाल पर फटकारा
नवाबगंज की ओर जाते वक्त प्रमुख सचिव ने रास्ते में रिठौरा की मोहनपुर सहकारी समिति पर छापा मारा। सहगल ने समिति सचिव राम सिंह से जब खाद के स्टॉक के बारे में पूछा तो वह सही जवाब नहीं दे सके। बाद में कर्मचारियों ने गोदाम में रखीं खाद की बोरी का स्टॉक रजिस्टर से मिलान किया तो उसमें भारी अंतर निकला। इस गड़बड़ी पर उन्होंने सचिव राम सिंह को फटकार लगाई। उन्होंने इस बात पर भी नाराजगी जताई कि सोसाइटी को लंबे समय से एडीओ सहित किसी अफसर ने चेक नहीं किया है। प्रमुख सचिव ने सचिव को चेतावनी देने के निर्देश दिए।
रिठौरा गोशाला : गाय को गुड़ खिलाया
अफसरों से कहा-चोकर भी खिलाओ
निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव रिठौरा में नवनिर्मित गोशाला को चेक किया। यहां पशुओं के चारे का हाथ में उठाकर देखा तो उसमें भूसा ज्यादा और चोकर कम निकला। इस पर उन्होंने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. ललित मोहन वर्मा और पशुधन प्रसार अधिकारी की क्लास लगाई। कहा- यहां भी पशुओं को चारा कम दिया जा रहा है। सहगल ने पूछा कि पशुओं को गुड़ खिलाया जा रहा है या नहीं। इस पर गोशाला का एक कर्मचारी गुड़ ले आया। प्रमुख सचिव ने अपने हाथ से दो गायों को गुड़ खिलाया। इससे पहले नवंबर में पहले दौरे में प्रमुख सचिव ने भोजीपुरा के मझौआ गंगापुर की गौशाला में चारा घोटाला पकड़ा था।
4.12 करोड़ की सीएचसी : सालभर से काम बंद, भुतहा बनाएंगे क्या
प्रमुख सचिव ने रिठौरा में गोशाला के पास ही निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की बिल्डिंग देखी। सीएमओ डॉ. विनीत शुक्ला और सीएंडडीए के अधिकारियों ने बताया कि 4.12 करोड़ से दिसंबर, 2016 में सीएचसी का निर्माण शुरू हुआ था। पहली किस्त 2.36 करोेड़ की मिली थी। इससे करीब 50 फीसदी काम पूरा हो गया है। बजट न मिलने से करीब साल भर से काम ठप है। उन्होंने सीएमओ से कहा, ऐसे तो यह बिल्डिंग भुतहा हो जाएगी। उन्होंने डीएम नितीश कुमार और सीडीओ सत्येंद्र कुमार को निर्देशित किया कि मुख्य सड़क से सीएचसी तक काश्तकारों से भूमि अधिग्रहण कर सड़क बनाई जाए।
हाफिजगंज थाना : एसपी से पूछेंगे, फर्जीवाड़ा क्यों
निरीक्षण के क्रम में नवनीत सहगल ने हाफिजगंज थाने में पहुंचकर अपराध रजिस्टर चेक किया। उन्होंने दुलारी देवी नाम की महिला की शिकायत को फोन पर क्रॉस चेक कराया तो महिला ने बताया कि उसकी समस्या का अब तक समाधान नहीं हुआ है, जबकि रजिस्टर में शिकायत निस्तारित होना दर्ज था। इस पर प्रमुख सचिव ने थाना इंचार्ज सुरेशपाल सिंह और एसएसआई भूपेंद्र सिंह राघव को फर्जीवाड़ा करने पर फटकार लगाई। उन्होंने थाना दिवस में शिकायतें न आने पर कहा कि पब्लिक को भरोसा ही नहीं है, इसलिए वह पुलिस के पास नहीं आ रही। सहगल ने महिला अपराध बढ़ने और हिस्ट्रीशीटरों का लंबे समय से सत्यापन न करने पर कहा कि इस बारे में एसपी से पूछेंगे।
मेथी नवदिया : चौपाल लगाकर पकड़ा राशन घोटाला
कोटेदार पर एफआईआर कराने का दिया आदेश
नवाबगंज के मेथी नवदिया गांव के प्राइमरी स्कूल में प्रमुख सचिव ने अधिकारियों के साथ चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान डीएसओ सीमा त्रिपाठी ने बताया कि गांव में 134 अंत्योदय और 411 पात्र गृहस्थी कार्ड बनाए गए हैं। बड़ी संख्या में कार्डधारकों ने प्रमुख सचिव से शिकायत की कि अंत्योदय कार्ड पर उन्हें हर महीने 35 की जगह 34 किलो ही राशन दिया जा रहा है, जबकि कीमत 85 की जगह 90 से 100 रुपये तक वसूली जा रही है। यह घपला लंबे समय से चल रहा है। प्रमुख सचिव के बुलाने पर चौपाल में आए कोटेदार दुंद बहादुर से पूछताछ की गई तो वह कोई जवाब नहीं दे सके। इस पर प्रमुख सचिव ने डीएसओ को कोटेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।
शौचालय निर्माण : ग्रामीणों ने कर दी डीपीआरओ की फजीहत
प्रमुख सचिव ने चौपाल में आए ग्रामीणों से शौचालयों के निर्माण के बारे में पूछा तो बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें शौचालय बनाने के लिए रकम ही नहीं मिली है। इसके बाद डीपीआरओ धर्मेंद्र कुमार ने जब यह आंकड़ा बताया कि गांव में करीब 278 शौचालयों की रकम दी है तो गांव वालों ने प्रमुख सचिव के सामने उनकी फजीहत कर दी। सहगल ने सभी पात्रों को शौचालय की रकम देने के निर्देश डीपीआरओ को दिए।
गन्ना बकाया: क्यों नहीं किया भुगतान, चीनी मिल वालों से पूछेंगे
चौपाल में किसानों ने यह शिकायत की कि पीलीभीत की चीनी मिल ने उन्हें पिछले साल का करीब साढ़े पांच करोड़ का बकाया अब तक नहीं दिया है। इससे किसान कर्ज में डूबे हैं। प्रमुख सचिव ने गन्ना अधिकारियों को भुगतान दिलाने के निर्देश दिए। सहगल ने यह भी कहा कि अब तक बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान क्यों नहीं हुआ है, इस बारे में मिल वालों से पूछेंगे।
विज्ञापन

पेंशन : ऑफलाइन पेंशन के फार्म लेने में न करें आनाकानी
चौपाल में वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग के तमाम पात्रों को पेंशन स्वीकृत न होने के मामले भी सामने आए। सहगल ने समाज कल्याण अधिकारी अशोक दीक्षित और प्रोबेशन अधिकारी नीता अहिरवार को निर्देशित किया कि ग्रामीणों को अगर ऑनलाइन आवेदन करने में दिक्कत आ रही है तो उनके ऑफलाइन आवेदन भी लिए जाएं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें