वीडियो वायरल: लग्जरी गाड़ी में सफर करते हुए हाथ में शराब का गिलास और नाचता समर्थक
लखीमपुर खीरी। नए साल का जश्न एक माननीय ने कुछ अलग अंदाज में मनाया। इसके लिए उन्होंने अपने क्षेत्र से बाहर की जगह चुनी और वहां तक अपने समर्थकों के साथ जाम छलकाते हुए पहुंचे। उनके सफर का वीडियो वायरल हुआ तो क्षेत्र में आम आदमी के बीच चर्चा का विषय बन गया और राजनीति का गलियारा गर्म हो उठा।
लग्जरी गाड़ी में चहेतों का साथ हो तो नए साल का जश्न कुछ अलग ही हो जाता है। ऐसा ही नजारा गुरुवार को वायरल हुए एक वीडियो में देखने को मिला। इसमे सत्ता से जुड़े एक असरदार माननीय अपने चहेतों के बीच सीट पर बैठे नजर आए। इस दौरान उनके एक हाथ में शराब से भरा गिलास नजर आ रहा है। वहीं चहेते हाथ में जाम लिए गाने पर झूम रहे थे। माननीय समर्थकों के साथ लग्जरी गाड़ी से कहीं जा रहे हैं। गाने के दौरान उनके चहेते उन्हें डांस के लिए भी उठाने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन वह उठे नहीं। सूत्रों के अनुसार पूरी पार्टी का वीडियो बनाकर उसकी क्लिपिंग सोशल मीडिया पर जारी की गई। इसमें उनके विरोधी की खास भूमिका रही। वीडियो वायरल होने का अंदेशा माननीय को भी हो गया। उनसे फोन पर संपर्क कर हकीकत जानने की कोशिश की गई तो उन्होंने फोन नहीं उठाया। फिलहाल जश्न मनाने का उनका अंदाज चर्चा का विषय बना है।
जीजा... जीजा ...जीजा तुम्हू नाचव
लखीमपुर खीरी। सावन का महीना बस रंग.... बोल पर नाचते व हुड़दंग मचाते समर्थक माननीय को डांस करने के लिए प्रेरित करते हैं। यहां तक कि डांस कर रहा व्यक्ति उन्हें हाथ पकड़कर उठाने का प्रयास करता है। इसी बीच उसके सुर संग सुर मिलाते एक सज्जन तो उन्हें तीन बार जीजा.. जीजा..जीजा कहकर पुकारता है। हालांकि काफी प्रयास के बाद भी माननीय अपनी सीट छोड़कर नहीं उठते हैं।
सोशल मीडिया पर बृहस्पतिवार को वायरल हुए वीडियो में कुछ ऐसा ही नजारा दिख रहा है। दो समर्थक वाहन में ही सावन का महीना बस रंग... गाने पर जमकर डांस कर रहे हैं। इनमें एक के हाथ में गिलास है। यह शख्स कहीं पेय पदार्थ भरे गिलास को सिर पर रखकर डांस करता है तो कहीं हाथ पकड़कर झूमने लगता है। इस बीच दूसरा डांस कर रहा व्यक्ति विधायक जी को डांस करने के लिए प्रेरित करता है, लेकिन माननीय उसको मना करते हैं। तभी गिलास सिर पर रखकर डांस कर रहा व्यक्ति उन्हें तीन बार जीजा... जीजा ओ जीजा कहके पुकारता है और डांस करने के लिए प्रेरित करता है। बस में सवार अन्य समर्थक इस हुड़दंग की वीडियो भी मोबाइल से बनाते दिख रहे हैं। फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो को लोग तेजी से शेयर कर रहे हैं।