हल्की बरसात के बावजूद सैलानियां का कम नहीं हुआ उत्साह
पलियाकलां। नए साल के दूसरे दिन हल्की बरसात होने के बाद भी दुधवा नेशनल पार्क का आकर्षण सैलानियों में बना रहा। जिसके चलते पर्यटन परिसर में काफी संख्या में सैलानी उमड़े। कुछ सैलानियों को जंगल में बाघ के दीदार हुए वहीं कुछ के हाथ मायूसी लगी। इन लोगों ने हिरन और अन्य वन्यजीवों को देखकर खुशी का इजहार किया।
नए साल का जश्न मनाने दुधवा नेशनल पार्क में बीते कई दिनों से सैलानियों का तांता लग हुआ है। नए साल के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को भी लखनऊ, कानपुर, गाजियाबाद, सीतापुर, लखीमपुर से आए सैलानियों ने दुधवा नेशनल पार्क का भ्रमण किया। पर्यटन परिसर में मचान आदि पर चढ़कर सेल्फी खींची। साथ ही जिप्सियों से पार्क का भ्रमण किया। सैलानियों के मुताबिक किशनपुर रेंज में उनको बाघ के दीदार हुए लेकिन अधिकतर सैलानियों को निराशा हाथ लगी। फिलहाल पार्क में सैलानियों की आवाजाही लगातार जारी है। जिप्सियों से सैलानी पार्क के अलौकिक वातावरण व प्राकृतिक सौंदर्य का नजारा ले रहे हैं। लखनऊ से आए युवाओं के दल ने भी पार्क का भ्रमण किया। वापसी में उन्होंने रोमांच साझा किए। जिसमें उन्होंने बताया कि पार्क के अंदर उनको कुछ ही वन्यजीव दिखे लेकिन बाघ न दिखने से मायूसी हुई।