फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तौकीर नहीं देंगे गिरफ्तारी, पुलिस की भी पूरी तैयारी, टेंशन न लें शहरवासी

विज्ञापन
तौकीर को गुलदस्ता भेंट करतीं मनु नीरज। - फोटो : अमर उजाला, बरेली
विज्ञापन
मौलाना ने कहा- गिरफ्तारी देने के लिए अब बाद में घोषित करेंगे तारीख, जुमे पर फिर पुलिस का पूरे शहर पर शिकंजा
विज्ञापन

बरेली। नागरिकता कानून के विरोध की आंच शहर से इस जुमे पर भी दूर रहेगी। पुलिस-प्रशासन ने तो जुमे पर शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुख्ता इंतजाम किए ही हैं, इत्तेहादे मिल्लत कौंसिल के प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां ने भी 786 लोगों के साथ गिरफ्तारी देने का कार्यक्रम फिलहाल टाल दिया है। मौलाना ने कहा है कि नागरिकता कानून का विरोध वह जारी रखेंगे और जल्द ही दोबारा गिरफ्तारी देने की तारीख का एलान करेंगे। उन्होंने शहर का माहौल बेहतर रखने के लिए लोगों से जुमे पर कारोबार बंद न करने की भी अपील की है।
मौलाना तौकीर ने बृहस्पतिवार को अपने निवास पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान गिरफ्तारी टालने की वजह साफ करते हुए कहा कि जुमे को फिर भारी भीड़ जुटने की खबर थी। वह नहीं चाहते कि बार-बार भीड़ सड़क पर आए लिहाजा शहर के अमनोअमान का ख्याल रखते हुए उन्होंने गिरफ्तारी देने का कार्यक्रम फिलहाल स्थगित कर दिया है। अब अगली तिथि बाद में घोषित करेंगे, उसमें भी 786 नहीं बल्कि सिर्फ पांच सौ लोग गिरफ्तारी देंगे। इनमें सभी वर्गों, धर्मों के लोगों के साथ खानकाहों और दरगाहों के जिम्मेदारों के अलावा उलमा भी शामिल होंगे। प्रसपा नेता वीरपाल सिंह यादव और भीमसेना के जिलाध्यक्ष गुरमीत सिंह भी साथ रहेंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि जुमे को कारोबार बंद न रखें और न गैरकानूनी तरीके से कोई विरोध करें। शहर का अमन बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। मौलाना ने कहा कि नागरिकता कानून वापस होने तक चरणबद्ध तरीके से आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान प्रवक्ता डॉ. नफीस खां, प्रदेश प्रभारी जुनेद रजा खां, नदीम खां, अफजाल बेग, इफ्तेखार कुरैशी, मुनीर इदरीसी आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन


अलर्ट रहेंगे अफसर, शहर भर में सुरक्षा इंतजाम
मौलाना तौकीर रजा के फिलहाल गिरफ्तारी टाल देने से जुमे की नमाज को लेकर अफसरों की टेंशन दूर हो गई है। चर्चा है कि पुलिस प्रशासन के अफसरों से गोपनीय वार्ता के बाद गिरफ्तारी टाली गई है। हालांकि पुलिस इस शुक्रवार को भी पहले की तरह सतर्कता बरतेगी। इसे लेकर बैठकों का दौर जारी है। शासन स्तर से भी इस बारे में इनपुट मांगा जा रहा है। अफसरों को उम्मीद है कि दूसरे शहरों की तरह अब बरेली में भी पूरी तरह शांति रहेगी। हालांकि पिछली बार की तरह इस जुमे पर भी फोर्स धर्मस्थलों और घनी बस्तियों में तैनात रहेगा। पुलिस ने बिना किसी शोर के अपनी ओर से सारी हर तैयारी कर रखी है। अफसर हर स्थिति से निपटने को तैयार हैं। एसएसपी शैलेश पांडेय ने बताया कि पिछली बार की तरह इस शुक्रवार भी प्रशासन ने मजिस्ट्रेट स्तर तक के अफसरों की ड्यूटी लगाई है। अफसरों से लेकर पुलिसकर्मी तक धर्मस्थलों व संवेदनशील स्थानों पर नजर रखेंगे।
विज्ञापन


मनु नीरज ने तौकीर से कहा- शहर की पहचान पर न आने दें आंच
बरेली। महिला जागृति मंच की अध्यक्ष डॉ. मनु नीरज ने मौलाना तौकीर रजा खां से मुलाकात कर शहर की शांति और सद्भाव पर चर्चा की। उन्होंने मौलाना को एक पत्र भी दिया। इसमें कहा गया है कि बरेली विश्व में दरगाह आला हजरत की वजह से पहचाना जाता है। हिंदू मुस्लिम एकता का प्रतीक भी है। उन्होंने आईएमसी मुखिया से शहर का सौहार्द बरकरार रखने की अपील की। मौलाना तौकीर ने मनु नीरज से कहा कि वह शुक्रवार को गिरफ्तारी देना चाहते थे लेकिन भीड़ ज्यादा आने की जानकारी मिलने और उनकी अपील पर गौर करते हुए फिलहाल इसे स्थगित कर रहे हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें