पुलिस प्रशासन ने होशियारी से लिया काम, भीड़ को मैदान में जुटाकर पूरे शहर में खत्म किया कोहराम
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
लखनऊ से डीजीपी ले रहे थे पल-पल का अपडेट
बरेली। शुक्रवार को पुलिस प्रशासन ने सूझबूझ से काम लेकर शहर को बवाल की जद में आने से बचा लिया। सारी भीड़ को आराम से इस्लामिया ग्राउंड में एकत्र हो जाने दिया, इसके बाद वहां शांति व्यवस्था बनाए रखना अपेक्षाकृत आसान हो गया।
शुक्रवार का दिन बरेली पुलिस प्रशासन के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण था। खासकर नमाज के वक्त भीड़ उमड़ने और फिर माहौल बिगड़ने का खतरा सता रहा था। डीजीपी की नजर भी बरेली के घटनाक्रम पर थी। उन्होंने एडीजी को खासतौर से बरेली में ही रहने के निर्देश दिए थे और खुद उनसे अपडेट ले रहे थे। ऐसे में अफसरों ने नमाजियों की उस भीड़ को बिल्कुल नहीं टोका जो अपने-अपने इलाके की मस्जिदों में नमाज पढ़ने के बाद इस्लामिया ग्राउंड की ओर जा रहे थे। पुलिस ने उनके लिए रास्ता खाली कराने का काम किया। दूसरे वाहनों को रोककर पहले नमाजियों को इस्लामिया ग्राउंड की ओर निकाला गया। इस तरह काफी भीड़ ग्राउंड में एकत्र हो गई जबकि शहर में हंगामे और बवाल की गुंजाइश खत्म हो गई। मैदान के आसपास छतों पर पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया। निगरानी में ड्रोन कैमरों की भी मदद ली गई। भीड़ को एक ही जगह रखने की प्रशासन की रणनीति कामयाब रही।