बरेली। नागरिकता कानून के खिलाफ शुरू हुई सियासत में आम लोगों को मोहरा बनाने की कोशिशों से पुलिस-प्रशासन ने सख्ती से निपटने के संकेत दिए हैं। इस क्रम में आम आदमी पार्टी के निष्कासित नेता योगेग्र यादव के फेसबुक कैंपेन ‘हम भारत के लोग’ पर एडीजी के निर्देश पर साइबर सेल ने निगरानी शुरू की है। इसके अलावा भीम आर्मी की गतिविधियों के साथ समूह में दिल्ली जाने वालों पर भी नजर रखी जा रही है।
योगेंद्र यादव ने फेसबुक कैंपेन शुरू करने के साथ 19 दिसंबर को दिल्ली में लाल किला के पास मार्च निकालने की भी घोषणा की है। एडीजी अविनाश चंद्र ने बरेली जोन के सभी जिलों की पुलिस पर नागरिकता कानून के खिलाफ किसी भी गतिविधि पर तत्काल रिपोर्ट देने को कहा है। साइबर टीम की रिपोर्ट के मुताबिक योगेंद्र यादव के कैंपेन से देश भर में सिर्फ 722 लोग अब तक जुड़े हैं जिनमें 254 लोगों ने ही उनकी पोस्ट लाइक की हैं। बरेली में अभी किसी ने इसका समर्थन नहीं किया है। 20 दिसंबर से दिल्ली में भीम आर्मी ने विरोध का एलान किया है लिहाजा बरेली से दिल्ली जाने वालों पर भी नजर रखी जा रही है।पुलिस के मुताबिक कोई भी आपत्तिजनक गतिविधि सामने आते ही कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया के जरिये आम लोगों को नागरिकता कानून के बारे में भड़काने की कोशिश की जा रही है। योगेंद्र यादव भी ऐसा ही कैंपेन चला रहे हैं। बरेली जोन में फिलहाल इस कैंपेन के समर्थन की स्थिति नहीं है। लोगों को अफवाहों और सोशल मीडिया पर विवादित पोस्ट और कमेंट करने से बचना चाहिए। खुराफातियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दे दिए गए हैं। - अविनाश चंद्र, एडीजी बरेली जोन
आईएमसी ने भी किया भीम आर्मी का समर्थन मिलने का दावा
बरेली। आईएमसी ने नागरिकता कानून के विरोध में भीम आर्मी का समर्थन मिलने का दावा किया है। आईएमसी के मीडिया प्रभारी मुनीर इदरीसी ने बताया कि पिछले दिनों दिल्ली में भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर से आईएमसी मुखिया मौलाना तौकीर रजा खां ने मुलाकात की थी। चंद्रशेखर ने मौलाना तौकीर के बरेली में घोषित विरोध की हिमायत की। आईएमसी के मुताबिक इस दौरान चर्चा हुई कि देश में ऐसे कानून बनाए जा रहे हैं जो धर्म विशेष के साथ बाबा साहब के संविधान के भी खिलाफ हैं लिहाजा दलित और मुसलमानों दोनों को इसके विरोध में साथ आना होगा। इदरीसी ने बताया कि भीम आर्मी का जिला संगठन 20 दिसंबर को आईएमसी के नौमहला से कलक्ट्रेट तक मार्च में शामिल होने का भरोसा दिलाया है।